मवाना। हस्तिनापुर थाना क्षेत्र की जे-ब्लॉक कॉलोनी में स्थित कृष्ण किड्स प्ले स्कूल के संचालक अतुल पवार की शनिवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना उस समय सामने आई जब उनकी पत्नी चाय लेकर उन्हें जगाने पहुंचीं। चादर हटाते ही बिस्तर में सांप दिखाई देने से परिवार और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
जानकारी के अनुसार अतुल पवार अपनी पत्नी दामिनी पवार और छह वर्षीय पुत्र के साथ ए-ब्लॉक कॉलोनी में किराये के मकान में रहते थे। पत्नी ने पुलिस को बताया कि शुक्रवार रात तीनों पहले आंगन में सोए थे। देर रात मौसम ठंडा होने पर वह बेटे के साथ कमरे में चली गईं, जबकि अतुल बाहर ही सोते रहे।
शनिवार सुबह दामिनी चाय लेकर बाहर पहुंचीं तो अतुल को जगाने का प्रयास किया, लेकिन उन्होंने कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। चादर हटाने पर बिस्तर में सांप दिखाई दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और किसी तरह सांप को हटाया गया। इसके बाद अतुल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हस्तिनापुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्राथमिक जांच के दौरान अतुल के पैर पर सांप के दांत जैसे दो निशान मिले हैं। इससे प्रथम दृष्टया मामला सर्पदंश का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस और चिकित्सक किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए पोस्टमार्टम कराने की मांग की। सूचना पर हस्तिनापुर पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए मेरठ भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के आधार पर ही मौत के कारणों की पुष्टि की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में इस घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं बनी हुई हैं।