Snake in Dreams: सपनों को लेकर लोगों के मन में हमेशा से उत्सुकता रही है। कई बार कोई सपना इतना असर छोड़ता है कि वह बार-बार दिखाई देने लगता है। सांप से जुड़े सपने भी इन्हीं में शामिल हैं। किसी को सपने में सांप दिखाई देता है, तो किसी को उसका पीछा करते हुए या काटते हुए। इन सपनों को लेकर अलग-अलग धार्मिक और ज्योतिषीय मान्यताएं मौजूद हैं। ज्योतिषाचार्य पंडित कौशल पांडेय के अनुसार, सपने में सांप दिखने का एक ही अर्थ नहीं होता। इसका मतलब सांप के रंग, उसकी स्थिति और सपने में हुई दूसरी घटनाओं के आधार पर अलग-अलग माना जाता है। हालांकि, अगर किसी व्यक्ति को लगातार सांप से जुड़े सपने आ रहे हैं, तो ज्योतिष में इसे खास संकेत से जोड़कर देखा जाता है।
कालसर्प या पितृ दोष से जोड़कर देखी जाती है मान्यता
ज्योतिषीय मान्यताओं के मुताबिक, बार-बार सांप का सपना आना कभी-कभी कुंडली में कालसर्प दोष या पितृ दोष से जोड़कर देखा जाता है। मान्यता है कि ऐसी स्थिति में व्यक्ति को नाग या सांप से जुड़े सपने बार-बार आ सकते हैं। हालांकि, सिर्फ सपना आने के आधार पर यह तय नहीं किया जा सकता कि किसी व्यक्ति की कुंडली में ऐसा कोई दोष मौजूद है। इसके लिए कुंडली और अन्य ज्योतिषीय स्थितियों का अलग से अध्ययन किया जाता है।
बार-बार सांप दिखे तो क्या उपाय करें?
धार्मिक मान्यता में ऐसी स्थिति में भगवान शिव की आराधना करने की सलाह दी जाती है। शिव मंदिर जाकर महामृत्युंजय मंत्र का जाप करना या किसी योग्य पंडित से इसका जाप करवाना शुभ माना जाता है। इसके अलावा तांबे से बने नाग-नागिन के जोड़े को शिव मंदिर में अर्पित करने की भी मान्यता है। भगवान शिव की पूजा के दौरान शमी के पत्ते या फूल भी चढ़ाएं।
हर सांप का सपना अशुभ नहीं होता
सपने में सांप दिखाई देने को सीधे तौर पर किसी अनहोनी या दुर्घटना का संकेत मानना सही नहीं है। स्वप्न शास्त्र में सांप से जुड़े सपनों के अलग-अलग अर्थ बताए गए हैं और हर स्थिति को एक जैसा नहीं माना जाता। साथ ही, बार-बार डरावने सपने आने की वजह तनाव, डर, नींद की कमी या दिनभर की किसी चिंता से भी जुड़ी हो सकती है। इसलिए ऐसे सपनों को लेकर घबराने के बजाय अपनी नींद और मानसिक तनाव पर भी ध्यान देना जरूरी है।
Disclaimer: यहां दी गई जानकारी सामान्य मान्यताओं और जानकारियों पर आधारित है. loksatya इसकी पुष्टि नहीं करता है।