East Delhi News: पूर्वी जिला पुलिस के एंटी स्नैचिंग एंड बर्गलरी (एएसबी) सेल ने विशेष अभियान 'स्ट्रीट शील्ड' के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए मोबाइल स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में शामिल एक किशोर अपराधी को पकड़ लिया है। पुलिस ने 10 स्नैचिंग, दो चोरी और एक ई-एफआईआर समेत कुल 13 मामलों का खुलासा करने का दावा किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 11 चोरी और छीने गए मोबाइल फोन, 3500 रुपये नकद, वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल तथा अपराध के दौरान पहने गए कपड़े और जूते बरामद किए हैं।
'स्ट्रीट शील्ड' अभियान चलाया
पूर्वी जिले के डीसीपी राजीव कुमार के निर्देशन में स्ट्रीट क्राइम पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान 'स्ट्रीट शील्ड' चलाया गया। इस अभियान की निगरानी एसीपी ऑपरेशंस पवन कुमार कर रहे थे। कार्रवाई के लिए एएसबी सेल के प्रभारी एसआई अजय तोमर के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई, जिसमें एसआई सुधीर कुमार, एएसआई साबू, हेड कांस्टेबल मनेंद्र, सुबोध, नवदीप, कांस्टेबल अनंत पाल और कांस्टेबल मोरध्वज शामिल थे।
युवती लोगों के हाथों से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो जाती
जांच के दौरान सामने आया कि पकड़ा गया 17 वर्षीय किशोर अपनी महिला साथी (प्रेमिका) के साथ मिलकर पूर्वी दिल्ली और आसपास के इलाकों में मोबाइल स्नैचिंग की घटनाओं को अंजाम देता था।दोनों एक हीरो स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल पर सवार होकर राहगीरों को निशाना बनाते थे। किशोर बाइक चलाता था, जबकि पीछे बैठी युवती लोगों के हाथों से मोबाइल फोन झपटकर फरार हो जाती थी।
पहचान छिपाने के लिए पहनता था टोपी
पुलिस के अनुसार आरोपी वारदात के दौरान अपनी पहचान छिपाने के लिए हमेशा टोपी पहनता था ताकि सीसीटीवी कैमरों में उसकी पहचान न हो सके। पहली घटना 8 जून को आई.पी. एक्सटेंशन निवासी मीनू गुप्ता के साथ हुई, जबकि दूसरी वारदात 9 जून को गाजीपुर निवासी शैली यादव के साथ हुई थी। दोनों मामलों में बाइक सवार युवक और युवती ने मोबाइल फोन झपटकर फरार होने की वारदात को अंजाम दिया था।
पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही
इन घटनाओं के बाद पुलिस टीम ने घटनास्थलों और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। तकनीकी जांच, फील्ड इंटेलिजेंस और सीसीटीवी विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गाजीपुर गांव की गोपाल गली से पकड़ लिया गया। पकड़े गए किशोर के कब्जे से 11 मोबाइल फोन बरामद किए गए। जांच में पता चला कि इनमें से कई मोबाइल मधु विहार और कल्याणपुरी थाना क्षेत्र में दर्ज मामलों से संबंधित हैं।इसके अलावा आरोपी से बरामद 3500 रुपये नकद भी एक दर्ज चोरी के मामले से जुड़े पाए गए। पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है।
गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि कमजोर आर्थिक स्थिति और जल्दी पैसा कमाने की लालच में वह स्नैचिंग और चोरी की वारदातों में शामिल हो गया। उसने पूर्वी दिल्ली के अलावा नोएडा के सेक्टर-3, सेक्टर-8, दल्लूपुरा बस स्टैंड और न्यू अशोक नगर क्षेत्रों में भी कई वारदातें करने की बात स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी की महिला साथी अभी फरार है। इसके अलावा छीने गए मोबाइल खरीदने वाले रिसीवर की भी तलाश की जा रही है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।