बाहरी दिल्ली के बवाना इलाके में उद्यमी वैभव गांधी की हत्या के मामले में सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई है, जिसमें खुद को लॉरेंस बिश्नोई गिरोह से जुड़ा बताने वाले रणदीप मलिक और अनिल पंडित द्वारा हत्या की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया है। सोशल मीडिया पर वायरल पोस्ट में लिखा गया है कि बवाना सेक्टर-4 में हुई उद्यमी वैभव गांधी की हत्या इन्हीं के इशारे पर करवाई गई। पोस्ट में यह भी दावा किया गया है कि मृतक उनके “काम के बीच में दखल” दे रहा था, जिसके चलते उसे जान से मार दिया गया।
काम में हस्तक्षेप करने की कोशिश करेगा
पोस्ट में धमकी भरे लहजे में यह भी कहा गया है कि यदि भविष्य में कोई भी उनके काम में हस्तक्षेप करने की कोशिश करेगा, तो उसे बिना किसी चेतावनी के मार दिया जाएगा। पोस्ट में ‘यूएसए’ से ऑपरेशन संचालित किए जाने का भी उल्लेख किया गया है।हालांकि, इस पूरे मामले को लेकर अभी तक किसी भी आधिकारिक एजेंसी ने पोस्ट की सत्यता की पुष्टि नहीं की है। दिल्ली पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पोस्ट की गहन जांच की जा रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि पोस्ट किस अकाउंट से और कहां से की गई है।
चार हथियारबंद हमलावर एक मोटरसाइकिल पर सवार थे
बता दें कि घटना कल दिल्ली के आउटर-नॉर्थ जिले के बवाना इंडस्ट्रियल एरिया में घटी थी। पेशे से प्लास्टिक का व्यापार करने वाले 35 वर्षीय वरुण गांधी पर तीन से चार हथियारबंद हमलावर एक मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए और कई राउंड गोलियां चलाईं। व्यापारी ने खुद को बचाने के लिए भागने की कोशिश की,लेकिन हमलावर उसके पीछे दौड़े और लगातार फायरिंग करते रहे। घटना का पता तब चला जब दोपहर करीब 12:51 बजे महाराजा अग्रसेन अस्पताल से पुलिस को जानकारी मिली कि एक व्यक्ति को गनशॉट इंजरी के साथ लाया गया है और उसे मृत घोषित कर दिया गया है।
भूमिका और गिरोह से संबंधों की भी जांच की जा रही
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, हत्या के पीछे की साजिश, आरोपियों की भूमिका और गिरोह से संबंधों की भी जांच की जा रही है। मामले को गंभीरता से लेते हुए साइबर सेल और स्पेशल स्टाफ को भी जांच में लगाया गया है। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच आगे बढ़ा रही है।