Moong Daal ka Tasty Nashta : सुबह के नाश्ते में अगर कुछ स्वादिष्ट और पौष्टिक बनाने का मन हो, तो मूंग दाल-चावल का चीला एक अच्छा विकल्प हो सकता है। यह पेट भरने के साथ स्वाद में भी लाजवाब लगता है। खास बात यह है कि इसे बनाने के लिए ज्यादा मेहनत या बहुत सारी सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती। कुछ आसान चीजों के साथ इसका बैटर तैयार करके आप मिनटों में गरमा-गरम चीला बना सकती हैं।
मूंग दाल-चावल से तैयार करें बैटर
इसके लिए मूंग दाल और चावल को अच्छी तरह धोकर कुछ घंटों के लिए पानी में भिगो दें. इसके बाद पानी निकालकर दोनों को मिक्सर में डालें और जरूरत के अनुसार पानी मिलाकर बारीक पीस लें। बैटर न ज्यादा गाढ़ा रखें और न ही बहुत पतला। इसे कुछ देर के लिए ढककर रख दें, ताकि चीला अच्छी तरह तैयार हो सके.
बैटर में मिलाएं ये 2 चीजें
चीले को नरम और स्वादिष्ट बनाने के लिए बैटर में दही और थोड़ा सा सूजी मिलाना फायदेमंद हो सकता है। दही से बैटर में हल्की नरमी और स्वाद आता है, जबकि सूजी चीले को अच्छी बनावट देने में मदद करती है। इसके साथ स्वाद के अनुसार नमक, बारीक कटी हरी मिर्च, अदरक, हरा धनिया और थोड़ा जीरा भी डाल सकती हैं.
ऐसे सेंकें स्वादिष्ट चीला
तवा गर्म करके उस पर थोड़ा तेल लगाएं। अब बैटर को तवे पर डालकर हल्के हाथ से गोल आकार में फैलाएं. किनारों पर थोड़ा तेल डालें और दोनों तरफ से सुनहरा होने तक सेंक लें। इसे हरी चटनी, दही या टमाटर की चटनी के साथ गर्मागर्म परोसें। इस तरह घर पर बना मूंग दाल-चावल का चीला स्वादिष्ट नाश्ते के रूप में तैयार हो जाएगा.