
Meerut Signal Regiment: मेरठ की सिग्नल रेजीमेंट में तैनात पश्चिम बंगाल निवासी सेना के जवान एस.के. अशरफुल इस्लाम को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पश्चिम बंगाल पुलिस 14 सितंबर को अरेस्ट वारंट लेकर मेरठ पहुंची और औपचारिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद जवान को हिरासत में ले गई। यह गिरफ्तारी उसकी पत्नी की आत्महत्या के मामले से जुड़ी है। जवान की निजी जिंदगी में चल रहे तनाव ने उसे कानून के शिकंजे तक पहुंचा दिया।
प्रेम विवाह से बढ़ा तनाव
सूत्रों के मुताबिक, अशरफुल इस्लाम का प्रेम संबंध अपने ही राज्य की एक युवती से हुआ था। परिवार के दबाव में दोनों ने शादी कर ली। शुरुआती दिनों में रिश्ते सामान्य रहे, लेकिन कुछ महीनों बाद पति-पत्नी के बीच खटास बढ़ने लगी। अशरफुल ने तलाक लेने का मन बना लिया और इसी बीच मार्च-अप्रैल में एक महीने की छुट्टी पर घर गया। छुट्टी खत्म होने से पहले उसने पत्नी को एक होटल में बुलाकर बातचीत की और फिर मेरठ लौट आया। लेकिन इस मुलाकात के दो दिन बाद ही उसकी पत्नी ने जहरीला पदार्थ खाकर आत्महत्या कर ली।
आत्महत्या के बाद मुकदमा और गिरफ्तारी
पत्नी की मौत के बाद युवती के परिजनों ने अशरफुल पर मानसिक प्रताड़ना और घरेलू हिंसा का आरोप लगाया। इस आधार पर पश्चिम बंगाल पुलिस ने उसके खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया। मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस मेरठ आई और जवान को उसकी यूनिट से हिरासत में ले लिया। सेना की ओर से भी कानूनी प्रक्रिया में पुलिस को पूरा सहयोग दिया गया। यह घटना न केवल जवान के करियर पर गहरा असर डाल सकती है, बल्कि वैवाहिक विवाद किस तरह गंभीर परिणाम तक पहुंच सकता है, इसकी भी मिसाल बन गई है।