Somvar Ke Upay: हिंदू धर्म में सोमवार का दिन भगवान शिव को समर्पित माना जाता है। मान्यता है कि इस दिन सच्चे मन से भोलेनाथ की आराधना करने से उनकी विशेष कृपा प्राप्त होती है। भगवान शिव अपने भक्तों की थोड़ी सी भक्ति से भी प्रसन्न हो जाते हैं, इसी वजह से उन्हें भोलेनाथ कहा जाता है। ज्योतिष शास्त्र के अनुसार, सोमवार के दिन कुछ खास उपाय करने से जीवन में आ रही परेशानियां कम होती हैं, चंद्रमा मजबूत होता है और सुख-समृद्धि का आगमन होता है। आइए जानते हैं सोमवार को किए जाने वाले कुछ प्रभावशाली उपायों के बारे में...
चंद्रमा को मजबूत करने के लिए करें ये उपाय
अगर कुंडली में चंद्रमा कमजोर स्थिति में है तो सोमवार के दिन सुबह जल्दी उठकर स्नान करने के बाद शिवलिंग का पूजन करें। इसके बाद 21 बेलपत्र लें और उन पर सफेद चंदन लगाकर भगवान शिव को अर्पित करें। पूजा के बाद शिव चालीसा या शिवाष्टक का पाठ करें। धार्मिक मान्यता के अनुसार, ऐसा करने से मन को शांति मिलती है और चंद्रमा की स्थिति बेहतर होती है।
वैवाहिक जीवन में सुख के लिए उपाय
सोमवार के दिन शिव मंदिर जाकर शिवलिंग पर दूध और जल से अभिषेक करें। इसके बाद भगवान शिव को गौरी-शंकर रुद्राक्ष अर्पित करें। घी, शक्कर और आटे से बनी चीजों का भोग लगाकर भगवान शिव की आरती करें। साथ ही जरूरतमंदों को चावल, दूध या चांदी से जुड़ी वस्तुओं का दान करना शुभ माना जाता है। इससे दांपत्य जीवन में खुशहाली बनी रहती है और रिश्तों में मधुरता आती है।
आर्थिक परेशानियों से छुटकारा पाने के लिए
धन से जुड़ी समस्याओं को दूर करने के लिए सोमवार के दिन शिवलिंग का गन्ने के रस से अभिषेक करना शुभ माना जाता है। इसके बाद प्रदोष काल में भगवान शिव को शहद अर्पित करें। रुद्राक्ष की माला से सुबह और शाम 'ॐ नमो धनदाय स्वाहा' मंत्र का जाप करें। मान्यता है कि इस उपाय से आर्थिक स्थिति मजबूत होती है और जीवन में सुख-समृद्धि बढ़ती है।
कारोबार में सफलता के लिए करें ये काम
व्यापार में आ रही रुकावटों को दूर करने के लिए सोमवार को पंचामृत से भगवान शिव का अभिषेक करें। इसके बाद शिवलिंग से अर्पित दूध को तांबे के पात्र में रख लें। फिर 'ॐ नमः शिवाय' मंत्र का जाप करते हुए इसे अपने व्यापार स्थल पर छिड़क दें। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, इससे नकारात्मक ऊर्जा दूर होती है और कामकाज में तरक्की के रास्ते खुलते हैं।
सुख-समृद्धि और धन वृद्धि के लिए उपाय
सोमवार के दिन प्रदोष काल में शिवलिंग पर अक्षत, सफेद चंदन, धतूरा, आक के फूल, गंगाजल और दूध अर्पित करें। इसके अलावा कच्चे चावल में काले तिल मिलाकर भगवान शिव को चढ़ाएं और बाद में इसे जरूरतमंदों को दान कर दें। इसके बाद महामृत्युंजय मंत्र और शिव रक्षा स्तोत्र का पाठ करें। मान्यता है कि इस उपाय से घर में सकारात्मक ऊर्जा बनी रहती है और धन-धान्य में वृद्धि होती है।