मध्य प्रदेश के बड़वानी जिले में एक सनसनीखेज घटना ने रिश्तों की बुनियाद पर सवाल खड़े कर दिए। महज दो लाख रुपए के लिए बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी। गुस्से में आकर युवक ने पिस्तौल सीधे पिता की कनपटी पर सटा दी और ट्रिगर दबा दिया। गोली सिर को चीरती हुई निकल गई और पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
लगातार पैसों को लेकर बढ़ रहा था तनाव
घटना पिछोड़ी गांव की है, जहां 58 वर्षीय जगन बडोले अपने परिवार के साथ रहते थे। आरोपी बेटा चंदन बडोले (32) पहले वेल्डिंग का काम करता था, लेकिन पिछले कुछ समय से आर्थिक तंगी में था। वह अपने पिता से लगातार पैसों की मांग कर रहा था। परिजनों के मुताबिक, पहले भी उसे करीब दो लाख रुपए दिए जा चुके थे।
बहस बनी खूनी वारदात
सोमवार दोपहर एक बार फिर पैसों को लेकर पिता-पुत्र के बीच कहासुनी शुरू हुई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों के बीच हाथापाई हो गई। इसी दौरान चंदन ने घर में रखी पिस्तौल उठाई और बिना सोचे-समझे पिता की कनपटी पर सटाकर गोली चला दी।
पत्नी की सूचना से खुला मामला
घटना के तुरंत बाद मृतक की पत्नी गौरी बाई ने पुलिस को सूचना दी। उन्होंने बताया कि चंदन ने गुस्से में आकर यह कदम उठाया और वारदात के बाद फरार हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जमीन विवाद भी जांच में शामिल
परिवार के पास लगभग 7 एकड़ जमीन है, जिसमें से कुछ हिस्सा खलघाट और बाकी पिछोड़ी में स्थित है। पुलिस को शक है कि पैसों के साथ-साथ जमीन को लेकर भी पिता-पुत्र के बीच विवाद चल रहा था।
फरार आरोपी की तलाश तेज
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। अधिकारियों का दावा है कि आरोपी को जल्द ही पकड़ लिया जाएगा।