जनपद बुलंदशहर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है, जहां पारिवारिक कलह ने खूनी रूप ले लिया। थाना देहात कोतवाली क्षेत्र के अकबरपुर झोझा गांव में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की लाइसेंसी बंदूक से गोली मारकर निर्मम हत्या कर दी। बताया जा रहा है कि मृतक 65 वर्षीय ताहिर और उनके 25 वर्षीय बेटे अबू बकर के बीच आज सुबह किसी पारिवारिक बात को लेकर कहासुनी हो गई थी।
सीधे पिता के सीने में गोलियां दाग दी
विवाद इतना बढ़ गया कि गुस्से में आकर बेटे अबू बकर ने घर में रखी अपने पिता की लाइसेंसी बंदूक उठाई और सीधे पिता के सीने में गोलियां दाग दी। गोली लगते ही ताहिर गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा, जिसके बाद उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
जानकारी के मुताबिक आरोपी बेटा अबू बकर कुछ माह पहले ही सऊदी अरब से गांव लौटा था। परिवार में चल रहे तनाव और सुबह हुए झगड़े के बाद इस खौफनाक घटना को अंजाम दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही देहात कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लाइसेंसी बंदूक को भी बरामद कर लिया है। पुलिस ने आरोपी बेटे अबू बकर को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है, हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर गहनता से जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आरोपी से पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। एसपी सिटी शंकर प्रसाद ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह बताई जा रही है। जल्द ही आरोपी बेटे को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।