इंदौर के बहुचर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में जांच को एक नया मोड़ मिला है। मामले में आरोपी प्रॉपर्टी एजेंट शिलोम जेम्स के ससुराल रतलाम में पुलिस ने एक बैग जब्त किया है, जिसे किचन में छिपाकर रखा गया था। बैग में क्या मिला, इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं
हुई है, लेकिन इसे केस में बड़ा सबूत माना जा रहा है।
शिलांग पुलिस रतलाम पहुंची, ससुराल में मारी दबिश
हत्याकांड की जांच कर रही शिलांग एसआईटी रविवार को आरोपी शिलोम जेम्स को लेकर रतलाम पहुंची। जेम्स को उसकी पत्नी और साली के साथ औद्योगिक क्षेत्र स्थित मंगलमूर्ति कॉलोनी में उसके ससुर मनोज गुप्ता के घर ले जाया गया। स्थानीय पुलिस की मदद से मकान का ताला खुलवाकर तलाशी ली गई।
किचन में छिपा था रहस्यमय बैग
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के किचन में एक बैग मिला, जिसे आरोपी या उसकी पत्नी द्वारा छिपाकर रखा गया था। इस बैग को पंचनामा बनाकर जब्त किया गया। माना जा रहा है कि इसमें सोनम रघुवंशी से जुड़ा लैपटॉप और कुछ आभूषण हो सकते हैं। हालांकि, पुलिस ने बैग में मिले सामान को लेकर कोई खुलासा नहीं किया है।
बिना जवाब दिए रवाना हुई एसआईटी
पूरे सर्च ऑपरेशन के दौरान एसआईटी ने मीडियाकर्मियों के किसी भी सवाल का जवाब नहीं दिया। न ही स्थानीय पुलिस ने कुछ कहने की हिम्मत दिखाई। टीम बैग जब्त करने के बाद आरोपी जेम्स को लेकर इंदौर रवाना हो गई, जबकि उसकी पत्नी और साली वहीं रुक गईं।
पड़ोसियों
ने बताई आरोपी की
पृष्ठभूमि
पड़ोसियों के मुताबिक, जेम्स की पत्नी और ससुराल वाले शांत स्वभाव के लोग हैं। मगर दामाद और बेटी का रहन-सहन कुछ अलग था। त्योहारों पर वे अक्सर घर आते थे और साथ में खुले तौर पर सिगरेट पीते देखे जाते थे। इससे स्थानीय लोगों में भी हलचल थी, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि ऐसा बड़ा मामला सामने आएगा।
हत्या से जुड़ रहा रतलाम कनेक्शन
इस घटनाक्रम से यह स्पष्ट हो गया है कि हत्याकांड की साजिश सिर्फ शिलांग या इंदौर में नहीं रची गई, बल्कि रतलाम का भी इसमें अहम रोल हो सकता है। अब जांच एजेंसियां इस बैग के आधार पर आगे की कड़ियों को जोड़ने में जुटी हैं, जिससे पूरे षड्यंत्र का पर्दाफाश हो सके।