इंदौर के चर्चित राजा रघुवंशी हत्याकांड में मुख्य आरोपी सोनम रघुवंशी पहली बार मीडिया के सामने आई। इस दौरान उसने अपने खिलाफ लगाए जा रहे कई आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि वह नेपाल नहीं भागी है और उसके बारे में फैलाई जा रही बातें पूरी तरह अफवाह हैं।
नेपाल भागने के आरोपों का किया खंडन
सोनम ने कहा कि कुछ लोग उसके बारे में गलत जानकारी फैला रहे हैं। उसने लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर भरोसा न करें। राजा रघुवंशी के बड़े भाई विपिन रघुवंशी ने आरोप लगाया था कि सोनम जमानत मिलने के बाद नेपाल भाग गई है और मामले की सीबीआई जांच होनी चाहिए।
‘जमानत की शर्तों का पालन कर रही हूं’
इंदौर आने के सवाल पर सोनम ने साफ कहा कि वह अभी इंदौर नहीं जाएगी। उसने बताया कि वह अदालत द्वारा तय की गई जमानत की शर्तों का पालन कर रही है और फिलहाल शिलांग में रह रही है। हालांकि सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए उसने यह बताने से इनकार कर दिया कि वह कहां रह रही है और उसका खर्च कैसे चल रहा है।
जमानत के खिलाफ हाईकोर्ट पहुंची पुलिस
सोनम को निचली अदालत से सशर्त जमानत मिली थी। इसके बाद मेघालय पुलिस ने उसकी जमानत को चुनौती देते हुए हाईकोर्ट में याचिका दायर की। इस मामले में सुनवाई पूरी हो चुकी है और अदालत ने अपना फैसला सुरक्षित रख लिया है।
सीबीआई जांच की मांग पर कायम परिवार
राजा रघुवंशी के भाई विपिन रघुवंशी लगातार इस मामले की सीबीआई जांच की मांग कर रहे हैं। उनका कहना है कि यह मामला बेहद संवेदनशील और चर्चित है तथा इसमें दूसरे राज्य का भी एंगल जुड़ा हुआ है, इसलिए निष्पक्ष जांच के लिए सीबीआई जांच कराई जानी चाहिए।
क्या है पूरा मामला?
राजा रघुवंशी और सोनम रघुवंशी की शादी 11 मई 2025 को हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद दोनों हनीमून के लिए मेघालय गए थे। 23 मई को दोनों के लापता होने के बाद तलाश शुरू हुई और 3 जून को राजा का शव एक खाई में मिला। बाद की जांच में हत्या की साजिश का खुलासा हुआ और कई आरोपियों के साथ सोनम रघुवंशी को भी आरोपी बनाया गया।