मध्यप्रदेश के इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड में नया मोड़ आ गया है। मेघालय की ईस्ट खासी हिल्स कोर्ट ने मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी और उसके कथित प्रेमी राज कुशवाहा सहित पांच आरोपियों पर हत्या के आरोप तय कर दिए हैं। कोर्ट ने कहा कि अभियुक्तों के खिलाफ पर्याप्त सबूत हैं, जबकि बचाव पक्ष ने उन्हें निर्दोष बताया है। इस फैसले के बाद सोनम रघुवंशी की कानूनी मुश्किलें और बढ़ गई हैं।
हनीमून ट्रिप बनी मौत की वजह
राजा रघुवंशी और सोनम की शादी 11 मई को हुई थी। शादी के कुछ दिनों बाद दोनों हनीमून मनाने मेघालय के शिलॉन्ग गए। 23 मई को राजा अचानक लापता हो गए और 10 दिन बाद एक गहरी खाई से उनका शव बरामद हुआ। उस दौरान सोनम भी गायब थी, जिससे मामला और संदिग्ध हो गया। बाद में जांच में सामने आया कि सोनम ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी।
कोर्ट ने तय किए हत्या और षड्यंत्र के आरोप
सोहरा सब-डिवीजन की ज्यूडिशियल मजिस्ट्रेट फर्स्ट क्लास कोर्ट में पेश चार्जशीट के आधार पर मंगलवार को अदालत ने सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा, विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी पर हत्या, सबूत मिटाने और आपराधिक षड्यंत्र के आरोप तय किए। कोर्ट ने कहा कि आरोपियों के खिलाफ पर्याप्त साक्ष्य मौजूद हैं।
तीन और आरोपियों पर भी कार्रवाई की तैयारी
पुलिस अब सबूत नष्ट करने के मामले में तीन अन्य व्यक्तियों — सिलोम जेम्स, लोकेंद्र तोमर और बलबीर अहिरवार — के खिलाफ दूसरी चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी कर रही है। माना जा रहा है कि ये लोग हत्या के बाद सबूत मिटाने में शामिल थे।
जेल में बंद हैं सभी आरोपी
फिलहाल सोनम रघुवंशी और उसके प्रेमी राज कुशवाहा सहित पांचों मुख्य आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं। पुलिस का दावा है कि सोनम ने प्रेमी से शादी करने की खातिर पति की हत्या कराई। कोर्ट में अब इस सनसनीखेज केस की अगली सुनवाई जल्द तय की जाएगी।