नई दिल्ली---- सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि डी. अंगमो ने सफदरजंग अस्पताल प्रशासन को पत्र लिखकर उन्हें दूसरे अस्पताल में स्थानांतरित करने की मांग की है। पत्र में उन्होंने मेडिकल जांच रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराने, नियमित डॉक्टरों से मुलाकात की अनुमति नहीं देने और इलाज में पारदर्शिता की कमी का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि इन परिस्थितियों के चलते उनका अस्पताल पर भरोसा कम हुआ है और बेहतर इलाज के लिए दूसरे मेडिकल सेंटर में शिफ्ट करना जरूरी हो गया है।
मेडिकल रिपोर्ट नहीं मिलने पर परिवार ने जताई नाराजगी
गीतांजलि डी. अंगमो ने अपने पत्र में कहा कि उन्होंने सोनम वांगचुक की मेडिकल जांच रिपोर्ट की डिजिटल और हार्ड कॉपी मांगी थी, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने उपलब्ध नहीं कराई। उनका यह भी कहना है कि पिछले करीब 20 दिनों से वांगचुक की सेहत की निगरानी कर रहे नियमित डॉक्टरों को भी उनसे मिलने की अनुमति नहीं दी गई। परिवार ने इसे इलाज की पारदर्शिता से जुड़ा गंभीर मुद्दा बताया है।
पोटेशियम स्तर में गिरावट पर बढ़ी चिंता
परिवार ने पत्र में वांगचुक के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता जताई है। उनके अनुसार शनिवार सुबह अस्पताल की मेडिकल टीम ने बताया कि वांगचुक का पोटेशियम स्तर घटकर 2.9 रह गया है, जबकि 17 जुलाई की शाम हुई जांच में यह 4.3 दर्ज किया गया था। परिवार ने इस अचानक आई गिरावट को लेकर स्पष्ट जानकारी और विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध कराने की मांग की है।
दूसरे अस्पताल में इलाज कराने की तैयारी
पत्र में कहा गया है कि मेडिकल जानकारी साझा नहीं किए जाने और इलाज को लेकर पर्याप्त पारदर्शिता नहीं होने के कारण परिवार ने वांगचुक को दूसरे अस्पताल में भर्ती कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए अस्पताल प्रशासन से जल्द डिस्चार्ज प्रक्रिया पूरी करने और सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने का अनुरोध किया गया है, ताकि बिना किसी देरी के बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा सके।
अस्पताल और जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई
सोनम वांगचुक की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सफदरजंग अस्पताल में भर्ती कराया गया था। इसके बाद अस्पताल परिसर, जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। दिल्ली पुलिस और अर्द्धसैनिक बलों की अतिरिक्त तैनाती की गई है तथा कई स्थानों पर बैरिकेडिंग कर आवाजाही को नियंत्रित किया गया है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपों से किया इनकार
नई दिल्ली के डीसीपी सचिन शर्मा ने कहा कि दिल्ली हाई कोर्ट के निर्देश, चिकित्सकीय सलाह और स्वास्थ्य की स्थिति को देखते हुए सोनम वांगचुक को सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। पुलिस ने यह भी कहा कि अस्पताल ले जाते समय कुछ लोगों ने कार्रवाई में बाधा डालने की कोशिश की थी, लेकिन पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी की गई। साथ ही लाठीचार्ज, बल प्रयोग और प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लेने के आरोपों से भी पुलिस ने इनकार किया है।