Sonarika Bhadoria Fee Controversy : टीवी की जानी-मानी एक्ट्रेस सोनारिका भदौरिया ने अपने करियर से जुड़ा एक ऐसा किस्सा बताया है, जिसने टीवी इंडस्ट्री में कलाकारों की फीस को लेकर एक बार फिर चर्चा शुरू कर दी है। 'देवों के देव...महादेव' में माता पार्वती का किरदार निभाकर घर-घर में पहचान बनाने वाली सोनारिका ने बताया कि एक हिट शो में फीस बढ़ाने की मांग करना उन्हें काफी महंगा पड़ा था। उनकी इस बात ने फैंस का ध्यान खींचा है।
एक साल तक शो में किया काम
सोनारिका ने एक पॉडकास्ट में बिना शो, कलाकारों या निर्माताओं का नाम बताए अपना अनुभव साझा किया। उन्होंने बताया कि वह एक टीवी शो में करीब एक साल से काम कर रही थीं। इस दौरान शो की टीआरपी काफी अच्छी हो गई थी। चैनल की तरफ से कलाकारों के लिए पार्टी भी रखी गई थी। ऐसे में उन्हें लगा कि उनके काम की तारीफ होगी और फीस में भी बढ़ोतरी हो सकती है।
मांग पर मिला ऐसा जवाब
एक्ट्रेस के मुताबिक, जब उन्होंने अपनी फीस बढ़ाने की बात रखी, तो उनसे पूछा गया कि आखिर किस आधार पर वह ज्यादा पैसे मांग रही हैं। सोनारिका को उम्मीद थी कि उनके काम और शो की सफलता को देखते हुए उनकी बात सुनी जाएगी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। उन्होंने बताया कि ज्यादा फीस मांगने के बाद उन्हें शो से बाहर कर दिया गया और उनकी जगह किसी दूसरे कलाकार को ले लिया गया।
पुरुष कलाकार की फीस हुई तीन गुना
सोनारिका ने फीस को लेकर एक और बात बताई, जिसने इस पूरे मामले को और चर्चा में ला दिया। उनके मुताबिक, उसी शो में उनके पुरुष सह-कलाकार ने शो छोड़ने की बात कही, तो उसकी फीस तीन गुना तक बढ़ा दी गई। वहीं, सोनारिका की फीस एक बार भी नहीं बढ़ाई गई। उनके इस अनुभव से टीवी इंडस्ट्री में महिला और पुरुष कलाकारों की कमाई के बीच अंतर पर सवाल उठ रहे हैं।
इसे भी पढ़ें : सर्दियों में ब्लैक छोड़ें, इन 5 रंगों से पाएं महंगा और एलिगेंट लुक
महादेव शो से मिली खास पहचान
सोनारिका ने साल 2011 में टीवी की दुनिया में कदम रखा था, लेकिन उन्हें सबसे ज्यादा पहचान 'देवों के देव...महादेव' में माता पार्वती के किरदार से मिली। इसके बाद वह कई दूसरे धारावाहिकों और फिल्मों में भी नजर आईं। अब उनका यह पुराना अनुभव एक बार फिर चर्चा में है। उनकी बात से यह सवाल उठता है कि क्या कलाकारों को उनके काम और लोकप्रियता के हिसाब से बराबर मौका और फीस मिलती है।