लखनऊ। समाजवादी पार्टी के विधायकों ने उत्तर प्रदेश विधानसभा में कोडीन कफ सिरप मामले पर चर्चा की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। वेल के सामने पहुंचकर सपा विधायकों ने नारेबाजी की। सपा विधायक संग्राम सिंह ने कहा, कोडीन माफिया को सरकार बचा रही है। सरकार का पूरा संरक्षण कोडीन माफिया के साथ है। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव कह चुके हैं कि इस मामले में संलिप्त लोगों के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई की जाए। लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। इससे स्पष्ट है कि सरकार कोडीन माफिया के साथ है।
वंदे मातरम का कोई विरोध नहीं: जाहिद बेग
समाजवादी पार्टी के विधायकों ने विधानसभा में कोडीन सिरप मामले में कार्रवाई की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। सपा विधायक जाहिद बेग ने कहा, वंदे मातरम का कोई विरोध नहीं है। आजादी की लड़ाई में भाजपा के लोग बहुत साथ नहीं थे। ये दिखाना चाहते हैं कि हम ही सब हैं।
चित्रकूट ट्रेजरी घोटाले का मुद्दा सदन से सड़क तक उठाएंगे: अनिल प्रधान
सपा विधायक अनिल प्रधान ने कहा, चित्रकूट में एक ट्रेजरी घोटाला हुआ। लगातार 6-7 साल घोटाला चलता रहा। मृत पेंशन धारकों के खाते से पैसा लगातार निकाला गया। अधिकारियों को बचाने के लिए सरकार के संरक्षण में जिला स्तर पर एसआईटी बनाकर इस मामले को दबाने का काम किया गया। हम इस मुद्दे को सदन से सड़क तक उठाने का काम करेंगे।
अनुपूरक बजट के मकसद पर चर्चा होगी: माता प्रसाद पांडेय
सदन पहुंचे समाजवादी पार्टी के नेता माता प्रसाद पांडेय ने कहा कि अनुपूरक बजट लाने का सरकार के पास अधिकार है। संविधान में सप्लीमेंट्री ग्रांट लाने की व्यवस्था है। चर्चा इस बात पर होगी कि ये सप्लीमेंट्री ग्रांट किस मकसद से मांगी जा रही है।