बागेश्वर धाम के कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण को लेकर दिए गए कथित विवादित बयानों पर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कड़ा रुख अपनाया है। मंगलवार को उन्होंने एक्स पर पोस्ट कर शास्त्री के उस वीडियो पर नाराजगी जताई, जिसमें भगवान श्रीराम के पांच पिता होने की बात कही गई है। उन्होंने सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने का आरोप लगाते हुए शास्त्री के सभी कार्यक्रम रद्द करने की मांग की।
श्रीकृष्ण की तुलना से जुड़े बयान पर भी विवाद
अखिलेश ने सवाल उठाया कि ऐसी गतिविधियां किसके राजनीतिक संरक्षण में हो रही हैं। उन्होंने लिखा, अब सच्चे सनातनी इनकी पर्ची लिखेंगे। इससे पहले भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की तुलना से जुड़े बयान पर भी विवाद हुआ था।
विरोध के बाद धीरेंद्र शास्त्री ने सफाई देते हुए क्षमा मांगी थी, लेकिन अखिलेश ने इसे स्वीकार करने से इनकार करते हुए ऐसे लोगों पर आजीवन प्रतिबंध लगाने और उनके कार्यक्रमों की अनुमति नहीं देने की मांग की थी।