SP Rajya Sabha Candidates: उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपने पत्ते खोल दिए हैं। पार्टी ने उच्च सदन के लिए दो उम्मीदवारों के नाम का ऐलान किया है। वरिष्ठ नेता प्रो. रामगोपाल यादव के नाम की चर्चा पहले से थी, लेकिन दूसरे उम्मीदवार के तौर पर उद्योगपति धनराज परिमल नथवानी का नाम सामने आने से राजनीतिक गलियारों में हलचल बढ़ गई है समाजवादी पार्टी की ओर से बताया गया है कि प्रो. रामगोपाल यादव और धनराज परिमल नथवानी बुधवार अपना नामांकन दाखिल करेंगे। इस दौरान पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव भी मौजूद रहेंगे। दोनों को राज्यसभा चुनाव के लिए सपा का अधिकृत उम्मीदवार बनाया गया है।
अखिलेश यादव ने कहा था- ‘सरप्राइज के लिए तैयार रहिए’
राज्यसभा चुनाव को लेकर सपा विधायकों की बैठक के बाद अखिलेश यादव ने उम्मीदवारों के सवाल पर ‘सरप्राइज’ की बात कही थी। इसके बाद जब धनराज नथवानी का नाम सामने आया तो उनके उस बयान की चर्चा फिर शुरू हो गई। पार्टी की रणनीति में नथवानी की एंट्री को इसी ‘सरप्राइज’ से जोड़कर देखा जा रहा है।
यूपी की 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव
उत्तर प्रदेश की 10 राज्यसभा सीटों के लिए नामांकन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। ऐसे में सभी राजनीतिक दल अपने-अपने समीकरण साधने में जुटे हैं। सपा की ओर से उम्मीदवारों के नाम सामने आने के बाद अब चुनावी गणित को लेकर भी चर्चाएं तेज हो गई हैं।
रामगोपाल यादव सपा के पुराने और बड़े चेहरे
प्रो. रामगोपाल यादव समाजवादी पार्टी के प्रमुख नेताओं में शामिल हैं। वह पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव हैं और अखिलेश यादव के चाचा भी हैं। राज्यसभा में पार्टी की ओर से उनकी मौजूदगी पहले से ही महत्वपूर्ण रही है। इस बार भी उनका नाम उम्मीदवारों की सूची में होना अपेक्षित माना जा रहा था।
कौन हैं धनराज परिमल नथवानी?
धनराज परिमल नथवानी का जन्म 5 फरवरी 1986 को हुआ था। वह उद्योगपति परिमल नथवानी और वर्षा नथवानी के बेटे हैं। उन्होंने लंदन के रीजेंट्स बिजनेस स्कूल से इंटरनेशनल बिजनेस की पढ़ाई की है। इसके बाद एमबीए की डिग्री हासिल की, जिसमें कॉरपोरेट लॉ और पब्लिक रिलेशंस पर विशेष अध्ययन किया।
रिलायंस में संभाल चुके हैं अहम जिम्मेदारी
धनराज नथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट के पद पर कार्यरत हैं। रिलायंस जियो के देशव्यापी विस्तार समेत कंपनी के कई बड़े प्रोजेक्ट्स में उनकी भूमिका रही है। वह रिलायंस समूह से जुड़ी विभिन्न कंपनियों में निदेशक के तौर पर भी काम कर चुके हैं।
यह भी पढ़ें: AAP नेताओं पर FIR से Delhi की राजनीति गरमाई, Saurabh Bharadwaj और Jarnail Singh पर गंभीर आरोप
क्रिकेट प्रशासन से भी जुड़ा है नाता
कॉरपोरेट जगत के अलावा धनराज नथवानी खेल प्रशासन में भी सक्रिय हैं। वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष हैं। इस वजह से उनकी पहचान उद्योग जगत के साथ-साथ क्रिकेट प्रशासन से जुड़े चेहरे के रूप में भी है।
पिता भी रह चुके हैं राज्यसभा सांसद
धनराज नथवानी के पिता परिमल नथवानी भी राज्यसभा सांसद रह चुके हैं। ऐसे में धनराज का राज्यसभा उम्मीदवार बनना उनके परिवार के राजनीतिक सफर को भी आगे बढ़ाता है। हालांकि इस बार उनका नाम समाजवादी पार्टी की ओर से सामने आना राजनीतिक रूप से खास चर्चा का विषय बना हुआ है।