SP Replaces two MLC candidates: उत्तर प्रदेश विधान परिषद के शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों के चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपने दो उम्मीदवार बदल दिए हैं। पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से कमलेश यादव की जगह डॉ. संजय त्रिपाठी और आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से प्रकाश चंद्र गुप्त की जगह पूर्व एमएलसी डॉ. आकाश अग्रवाल को प्रत्याशी बनाया है। अखिलेश यादव ने कहा कि दोनों बदलाव संबंधित नेताओं की सहमति से किए गए हैं।
पहले घोषित उम्मीदवारों का अखिलेश ने जताया आभार
नए उम्मीदवारों की घोषणा के साथ अखिलेश यादव ने पहले प्रत्याशी बनाए गए कमलेश यादव और प्रकाश चंद्र गुप्त के सहयोग के लिए उनका आभार जताया। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं और उनके परिवारों ने पार्टी के फैसले का सम्मान करते हुए सहयोग किया है। अखिलेश ने यह भी कहा कि भविष्य में दोनों नेताओं को उचित सम्मान दिया जाएगा। पार्टी ने अब दोनों सीटों पर नए उम्मीदवारों के साथ चुनावी तैयारी शुरू कर दी है।
23 अक्टूबर को मतदान, 27 को आएगा परिणाम
विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 11 सीटों के लिए 23 अक्टूबर को मतदान प्रस्तावित है, जबकि मतगणना 27 अक्टूबर को होगी। अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं से नए प्रत्याशियों के साथ चुनाव अभियान में जुटने की अपील की। गोरखपुर-फैजाबाद सीट पर डॉ. संजय त्रिपाठी को प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर भी राजनीतिक हलकों में चर्चा है। इससे पहले उनके भाजपा से टिकट की दावेदारी करने और बाद में निर्दलीय चुनाव लड़ने की घोषणा की बात सामने आई थी।
यह भी देखेंःAmit Shah Big Statement: नई न्याय व्यवस्था पर अमित शाह का बड़ा बयान, 3 साल में सुप्रीम कोर्ट तक न्याय
आकाश अग्रवाल के अनुभव पर सपा ने जताया भरोसा
आगरा शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से डॉ. आकाश अग्रवाल को उम्मीदवार बनाया गया है। वह पहले निर्दलीय एमएलसी रह चुके हैं और उनका कार्यकाल समाप्त होने वाली सीटों में शामिल है। ऐसे में सपा ने उनके पिछले चुनावी अनुभव को देखते हुए उन्हें मैदान में उतारा है। पार्टी की ओर से दोनों सीटों पर उम्मीदवार बदलने के बाद अब स्थानीय स्तर पर चुनावी समीकरणों को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य को लेकर अखिलेश के आरोप
उम्मीदवारों की घोषणा के दौरान अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर कई आरोप भी लगाए। उन्होंने वोटर लिस्ट, पुलिस व्यवस्था, शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था से जुड़े मुद्दे उठाए। अखिलेश ने पेपर लीक, शिक्षकों की समस्याओं, शिक्षामित्रों, तदर्थ शिक्षकों और पुरानी पेंशन जैसे मुद्दों को चुनावी एजेंडे में शामिल करने की बात कही। उन्होंने स्वास्थ्य व्यवस्था और रोजगार को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए और कहा कि समाजवादी पार्टी इन मुद्दों को जनता के बीच लेकर जाएगी।