Mohammad Kamran Hat-Trick : आईसीसी मेंस T20 वर्ल्ड कप सब रीजनल यूरोप क्वालिफायर C 2026 में स्पेन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लक्जमबर्ग को 141 रन के बड़े अंतर से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए स्पेन ने 20 ओवर में 206 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। इसके जवाब में लक्जमबर्ग की पूरी टीम सिर्फ 65 रन पर सिमट गई। इस जीत के साथ स्पेन ने एक बार फिर अपनी ताकत का प्रदर्शन किया और टूर्नामेंट में अपनी दावेदारी मजबूत कर दी।
मोहम्मद कामरान बने जीत के सबसे बड़े हीरो
स्पेन की इस शानदार जीत के सबसे बड़े नायक 38 वर्षीय बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद कामरान रहे। उन्होंने अपनी घातक गेंदबाजी से लक्जमबर्ग की बल्लेबाजी क्रम को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया। कामरान ने अपने चार ओवर के स्पेल में सिर्फ 20 रन देकर 6 विकेट हासिल किए। यह उनके T20I करियर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन भी बन गया।
हैट्रिक लेकर मचाई सनसनी
मोहम्मद कामरान ने मुकाबले में हैट्रिक भी अपने नाम की। उन्होंने लगातार तीन गेंदों पर लक्जमबर्ग के कप्तान शिव करण गिल, विकेटकीपर बल्लेबाज विलियम कोप और विक्रम विज को आउट कर यह उपलब्धि हासिल की। अंतरराष्ट्रीय T20 क्रिकेट में यह उनके करियर की दूसरी हैट्रिक रही। उनकी इस गेंदबाजी ने मैच का रुख पूरी तरह स्पेन की ओर मोड़ दिया।
टॉप ऑर्डर को किया तहस-नहस
कामरान की गेंदों का सामना लक्जमबर्ग के बल्लेबाज नहीं कर सके। उन्होंने अपने छह विकेटों में से पांच विकेट शीर्ष क्रम के बल्लेबाजों के लिए। शुरुआती झटकों के बाद लक्जमबर्ग की टीम उबर ही नहीं पाई और लगातार विकेट गंवाती चली गई। नतीजा यह रहा कि पूरी टीम सिर्फ 15 ओवर के भीतर ऑलआउट हो गई। स्पेन के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही विरोधी टीम पर दबाव बनाए रखा।
ऑस्ट्रेलिया का रिकॉर्ड तोड़ने के बाद नया धमाका
स्पेन की यह जीत ऐसे समय आई है जब उसने हाल ही में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में लगातार सबसे ज्यादा मुकाबले जीतने का नया रिकॉर्ड बनाया है। इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के नाम लगातार 20 अंतरराष्ट्रीय मैच जीतने का रिकॉर्ड था। स्पेन ने लगातार 21वीं जीत दर्ज कर ऑस्ट्रेलिया का यह रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया था। अब लक्जमबर्ग पर बड़ी जीत के साथ टीम ने अपने शानदार अभियान को आगे बढ़ाया है।
इसे भी पढ़ें : वनडे में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खब्बू बल्लेबाज, नंबर-3 पर भारत का दिग्गज, टॉप-5 में कई बड़े नाम
क्यों चर्चा में है स्पेन की टीम?
पिछले कुछ समय में स्पेन की टीम लगातार बेहतर प्रदर्शन कर रही है। टीम के खिलाड़ियों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों विभागों में शानदार प्रदर्शन किया है। खासकर मोहम्मद कामरान जैसे अनुभवी खिलाड़ियों ने टीम को नई पहचान दिलाई है। लक्जमबर्ग के खिलाफ हैट्रिक और 6 विकेट का कारनामा उनकी शानदार फॉर्म का सबूत है। स्पेन की मौजूदा लय को देखते हुए अब यूरोपीय क्रिकेट में उसे एक मजबूत दावेदार के रूप में देखा जा रहा है।