फीफा वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में स्पेन ने जगह बना ली है। फ्रांस को 2-0 से हराकर स्पेन 16 साल बाद खिताबी मुकाबले में पहुंचा। लेकिन स्पेन की इस जीत के बाद भारत में क्रिकेट फैंस भी खुश नजर आ रहे हैं। वजह एक बेहद दिलचस्प संयोग है। इतिहास के पुराने पन्ने देखें तो पिछली बार जब स्पेन फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंचा था उसके अगले ही साल टीम इंडिया वनडे वर्ल्ड कप की चैंपियन बनी थी। अब 16 साल बाद फिर कुछ वैसा ही होता दिख रहा है।
2010 के बाद 2011 में भारत बना था चैंपियन
साल 2010 में स्पेन ने फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में जगह बनाई थी। इतना ही नहीं स्पेन ने नीदरलैंड को हराकर पहली बार वर्ल्ड कप भी जीता था। इसके अगले ही साल 2011 में भारत में वनडे वर्ल्ड कप खेला गया। महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में टीम इंडिया ने 28 साल का इंतजार खत्म करते हुए खिताब अपने नाम किया। मुंबई में श्रीलंका को हराकर भारत दूसरी बार वनडे वर्ल्ड कप चैंपियन बना था।
16 साल बाद फिर वही कहानी दोहराने का मौका
अब साल 2026 में स्पेन एक बार फिर फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में पहुंच चुका है। खास बात ये है कि अगले ही साल यानी 2027 में वनडे वर्ल्ड कप खेला जाना है। बस इसी संयोग ने भारतीय क्रिकेट फैंस की उम्मीद बढ़ा दी है। अगर पुराने आंकड़े को मजेदार संयोग के तौर पर देखें तो स्पेन का फाइनल खेलना टीम इंडिया के लिए अच्छी खबर माना जा रहा है। हालांकि क्रिकेट और फुटबॉल के नतीजों का आपस में कोई सीधा रिश्ता नहीं है।
स्पेन चैंपियन बना तो संयोग होगा और दिलचस्प
साल 2010 में स्पेन सिर्फ फाइनल में नहीं पहुंचा था बल्कि चैंपियन भी बना था। इसके बाद 2011 में भारत ने वनडे वर्ल्ड कप जीता। अब अगर स्पेन 2026 का फीफा वर्ल्ड कप भी जीत जाता है और भारत 2027 में वनडे वर्ल्ड कप अपने नाम करता है तो 16 साल पुराना संयोग दूसरी बार देखने को मिलेगा। यही वजह है कि भारतीय फैंस सोशल मीडिया पर इस पुराने कनेक्शन की चर्चा कर रहे हैं।
2027 वर्ल्ड कप पर टीम इंडिया की नजर
टीम इंडिया की नजर पहले से ही 2027 के वनडे वर्ल्ड कप पर है। कप्तान शुभमन गिल और विराट कोहली के बीच भी वर्ल्ड कप की तैयारियों को लेकर बातचीत होने की खबर सामने आई है। टीम में सही खिलाड़ियों को मौका देने और मजबूत टीम तैयार करने पर काम चल रहा है। ऐसे में स्पेन से जुड़ा ये संयोग फैंस के लिए उम्मीद बढ़ाने वाला जरूर है। लेकिन असली काम भारतीय खिलाड़ियों को मैदान पर ही करना होगा।
इसे भी पढ़ें : France की हार के बाद Paris में बवाल, सड़कों पर आग लगाने के वीडियो वायरल, पुलिस भी उतरी
क्या दूसरी बार बनेगा स्पेन और भारत वाला संयोग?
स्पेन अब फीफा वर्ल्ड कप के फाइनल में अर्जेंटीना और इंग्लैंड के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल की विजेता टीम से खेलेगा। स्पेन ने पूरे टूर्नामेंट में मजबूत खेल दिखाया है और अब तक सिर्फ एक गोल खाया है। दूसरी तरफ भारतीय फैंस की नजर 2027 के वनडे वर्ल्ड कप पर है। अब सवाल यही है कि क्या 2010 और 2011 वाली कहानी 2026 और 2027 में फिर दोहराई जाएगी? फिलहाल इसे सिर्फ एक मजेदार संयोग कहा जा सकता है लेकिन क्रिकेट फैंस को उम्मीद लगाने से कौन रोक सकता है।