Special Indigenous Menu for BRICS Guests: नई दिल्ली में होने वाले BRICS शिखर सम्मेलन के लिए विदेशी मेहमानों के स्वागत की तैयारियां जोरों पर हैं। दिल्ली के प्रमुख होटलों में ठहरने वाले प्रतिनिधियों के लिए भारतीय खान-पान और संस्कृति की खास झलक पेश करने की तैयारी की गई है। होटल लीला में मेहमानों के लिए अलग-अलग देशों की पसंद, डाइट और एलर्जी को ध्यान में रखते हुए विशेष मेन्यू तैयार किया गया है। इसमें मिलेट, सत्तू, भारतीय मसाले, पारंपरिक व्यंजन और दिल्ली की चाट जैसे स्वाद शामिल हैं।
हर डेलीगेशन के लिए अलग मेन्यू
होटल प्रबंधन के मुताबिक, विदेशी प्रतिनिधियों की खान-पान संबंधी जरूरतों की जानकारी पहले ही मिल जाती है। इसके आधार पर होटल की टीम संबंधित डेलीगेशन के शेफ के साथ मिलकर मेन्यू तैयार करती है। हर प्रतिनिधिमंडल के लिए उसकी पसंद और स्वास्थ्य संबंधी जरूरतों के हिसाब से अलग मेन्यू रखा गया है। भारतीय भोजन को प्रमुखता देते हुए दाल मखनी, बिरयानी और दूसरे पारंपरिक व्यंजनों को भी मेहमानों के लिए तैयार किया जा रहा है।
मिलेट और देसी मसालों पर खास जोर
मेहमानों के लिए तैयार किए गए मेन्यू में मिलेट आधारित कई व्यंजन शामिल किए गए हैं। इनमें किनवा उपमा, रागी डोसा, बाजरे की रोटी, सत्तू का परांठा और मिलेट से तैयार मिठाइयां शामिल हैं। स्वागत के लिए तुलसी, शहद, अदरक और भारतीय मसालों से तैयार विशेष पेय भी रखा गया है। खाने में दालचीनी, छोटी और बड़ी इलायची तथा शाही जीरे जैसे भारतीय मसालों का इस्तेमाल किया जा रहा है। होटल का कहना है कि अलग-अलग मिलेट और मसालों को संतुलित करके मेन्यू तैयार किया गया है।
यह भी देखेंःXi Jinping to Visit India: 7 साल बाद भारत आएंगे शी जिनपिंग, ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में होंगे शामिल
चाट और मिठाइयों में भी भारतीय रंग
विदेशी मेहमानों को दिल्ली के मशहूर चटपटे स्वाद से रूबरू कराने के लिए विशेष चाट मेन्यू भी तैयार किया गया है। मिठाइयों में कमल के फूल के आकार की खास डेजर्ट तैयार की गई है, जिसमें इलायची, गुलाब और केसर जैसे देसी स्वाद शामिल हैं। इसके अलावा केसर-पिस्ता कुल्फी को रबड़ी और फालूदा के साथ परोसने की तैयारी है। होटल के भारतीय रेस्टोरेंट के मेन्यू को उत्तर, मध्य और दक्षिण भारत के व्यंजनों में बांटा गया है, ताकि मेहमानों को देश के अलग-अलग हिस्सों का स्वाद एक ही जगह मिल सके।
नृत्य-संगीत से होगा मेहमानों का स्वागत
खाने के साथ विदेशी प्रतिनिधियों को भारतीय संस्कृति की झलक भी दिखाई जाएगी। मेहमानों के स्वागत के लिए भारतीय शास्त्रीय नृत्य की प्रस्तुति रखी गई है। आरती, तिलक और माला पहनाकर पारंपरिक तरीके से स्वागत किया जाएगा। होटल की लॉबी में बांसुरी और लॉन में तबला-सितार की प्रस्तुति भी होगी। मेहमानों के कमरों को उनकी व्यक्तिगत जरूरतों के अनुसार तैयार किया गया है। सुरक्षा के लिए होटल में विशेष प्रोटोकॉल लागू किए गए हैं और दिल्ली पुलिस व संबंधित एजेंसियों के साथ समन्वय किया जा रहा है।