नोएडा। लोकसभा चुनाव-2025 से पहले मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध व अपडेट करने के लिए चल रहे विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण अभियान को जनपद गौतमबुद्ध नगर में रफ्तार दे दी गई है। शुक्रवार को जिले के सभी 3,300 से अधिक मतदान केंद्रों पर एक साथ बीएलओ और बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) की बैठकें हुईं। इन बैठकों में मृतक, स्थायी रूप से स्थानांतरित, अनुपस्थित/अनट्रेसेबल और डुप्लीकेट मतदाताओं की सूची बीएलओ ने बीएलए को सौंपी गई ताकि 15 दिन के अंदर इनका फील्ड सत्यापन पूरा हो सके।
.
इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी एवं जिलाधिकारी मेधा रूपम आज सुबह अचानक शहीद भगत सिंह इंटर कॉलेज, सूरजपुर ग्रेटर नोएडा स्थित मतदान केंद्र पर पहुँचीं और चल रहे कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने बीएलओ, बीएलए और मौजूद स्थानीय नागरिकों से सीधा संवाद किया।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने कहा –
“मतदाता सूची हमारी लोकतंत्र की रीढ़ है। मृत, स्थानांतरित या डुप्लीकेट नाम हटाना जितना जरूरी है, उससे कहीं ज्यादा जरूरी यह है कि कोई भी पात्र युवा या नागरिक सूची से छूट न जाए। बीएलओ-बीएलए की यह संयुक्त टीम घर-घर जाकर सत्यापन करे। जनता का पूरा सहयोग मिल रहा है और मुझे विश्वास है कि गौतमबुद्ध नगर की मतदाता सूची भारत निर्वाचन आयोग के मानकों पर 100% खरी उतरेगी।”
उन्होंने बीएलओ व बीएलए के अब तक के कार्य की सराहना की और सभी टीमों का उत्साह बढ़ाया।
जनता से अपील
जिला प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि:
अगर 1 जनवरी 2026 को आपकी उम्र 18 वर्ष पूरी हो रही है तो अभी फॉर्म-6 भरवाएं।
नाम कटा है, पता/फोटो बदलना है या कोई त्रुटि है तो तुरंत अपने क्षेत्र के बीएलओ से संपर्क करें।
Voters Helpline App, voterportal.eci.gov.in या 1950 हेल्पलाइन पर भी जानकारी ली व दी जा सकती है।
अभियान 24 दिसंबर 2025 तक चलेगा और क्वालिफाइंग डेट 1 जनवरी 2026 रखी गई है। इसके बाद 5 जनवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची प्रकाशित होगी।गौतमबुद्ध नगर जिला प्रशासन ने दावा किया है कि इस बार मतदाता सूची को पूरी तरह शुद्ध, समावेशी और त्रुटिरहित बनाने का लक्ष्य हासिल किया जाएगा।