UP News: संगम की रेती पर तंबुओं की नगरी लगभग बसने को है। आगामी 3 जनवरी से शुरू हो रहे माघ मेला 2026 को लेकर संगम की रेती पर सुरक्षा–व्यवस्था को मजबूत किया गया है। अग्निशमन विभाग ने सभी सात सेक्टरों में व्यापक तैयारियां की हैं। विभाग का दावा है कि आग लगने की किसी भी घटना की सूचना मिलते ही महज तीन मिनट के भीतर दमकलकर्मी मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पा लेंगे।
20 वॉच टॉवर से होगी निगरानी
माघ मेले में अग्निशमन विभाग का मुख्यालय परेड मैदान में बनाया गया है। आग की घटनाओं की रोकथाम और त्वरित रिस्पांस के लिए मेला क्षेत्र में 20 फायर स्टेशन, सात फायर चौकियां और 20 वॉच टावर स्थापित किए जा रहे हैं। इसके संचालन के लिए एक नोडल अधिकारी समेत नौ मुख्य अग्निशमन अधिकारियों की तैनाती की गई है। मेला क्षेत्र में 625 दमकल कर्मी तैनात रहेंगे, जबकि रेलवे स्टेशन और बस अड्डों पर 150 कर्मी अलग से मौजूद रहेंगे। इस तरह कुल 775 फायर कर्मी ड्यूटी पर रहेंगे।
माघ मेले में त्रिस्तरीय फायर सेफ्टी प्लान लागू
अग्निशमन विभाग के नोडल अधिकारी सीएफओ अनिमेष सिंह ने बताया कि माघ मेले में त्रिस्तरीय फायर सेफ्टी प्लान लागू किया गया है। इसमें आग से बचाव, पूर्व तैयारी और किसी भी घटना पर त्वरित कार्रवाई शामिल है। फायर स्टेशन, चौकियां और वॉच टावर ऐसे स्थानों पर बनाए जा रहे हैं, जहां से तीन मिनट के भीतर राहत दल पहुंच सके।
प्रदेश भर से मंगाए गए 117 फायर टेंडर
माघ मेले में आग की घटनाओं से निपटने के लिए पूरे प्रदेश से 117 फायर टेंडर मंगाए गए हैं। इनमें 45 हजार लीटर क्षमता वाले बड़े और 25 हजार लीटर क्षमता वाले छोटे फायर टेंडर शामिल हैं। हर फायर स्टेशन पर एक बिग फायर टेंडर तैनात रहेगा। इसके साथ ही इमरजेंसी फायर फाइटिंग बाइक और बैटरी चालित ग्रीन एनर्जी वाहन भी लगाए गए हैं, जो रेत में तेजी से मूव कर सकते हैं। परेड और झूंसी क्षेत्र में एडवांस रेस्क्यू टावर बनाए गए हैं, जबकि फायर ब्रिगेड मुख्यालय में मल्टी डिजास्टर रिस्पांस व्हीकल की तैनाती की गई है।
शॉर्ट सर्किट और गैस सिलिंडर पर रहेगा विशेष ध्यान
पुलिस अधीक्षक, माघ मेला नीरज पांडेय के मुताबिक, माघ मेले में आग की घटनाएं अक्सर बिजली के शॉर्ट सर्किट या छोटे गैस सिलेंडरों से होती हैं। इसे रोकने के लिए मेला क्षेत्र में जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि सुरक्षा के हर स्तर पर अग्निशमन विभाग पूरी तरह सतर्क रहेगा।
वृद्ध श्रद्धालुओं के लिए गोल्फ कार्ट की सुविधा
कुंभ की तर्ज पर माघ मेले में वृद्ध श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए 100 गोल्फ कार्ट को मंजूरी दी गई है। मेलाधिकारी ऋषिराज ने बताया कि पहली खेप में 10 गोल्फ कार्ट मेला क्षेत्र में पहुंच चुकी हैं, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। इससे बुजुर्ग और चलने में आसक्त श्रद्धालुओं को परेड मैदान से मेला क्षेत्र में आने–जाने में सुविधा मिलेगी।