SIR Final Voter List: भारत निर्वाचन आयोग ने दिल्ली में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (स्पेशल इंटेंसिव रिवीजन- SIR) की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल हो और अयोग्य नामों को हटाया जा सके। आयोग के अनुसार, घर-घर जाकर सत्यापन का अभियान 30 जून से 29 जुलाई तक चलेगा, जिसके बाद निर्धारित चरणों में सूची का पुनरीक्षण पूरा किया जाएगा।
30 जून से शुरू होगा घर-घर सत्यापन
निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) 30 जून से 29 जुलाई तक प्रत्येक घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे। सभी मौजूदा मतदाताओं को एन्यूमरेशन फॉर्म की दो प्रतियां दी जाएंगी, जिनमें से एक भरकर बीएलओ को लौटानी होगी। फॉर्म जमा करने पर मतदाता को रसीद भी दी जाएगी। यदि किसी घर पर ताला मिलता है, तो बीएलओ कम से कम तीन बार वहां जाने का प्रयास करेंगे।
5 अगस्त को जारी होगी प्रारूप मतदाता सूची
सत्यापन प्रक्रिया पूरी होने के बाद 5 अगस्त को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित की जाएगी। इसके बाद 5 अगस्त से 4 सितंबर तक नागरिक अपने दावे और आपत्तियां दर्ज करा सकेंगे। निर्वाचन आयोग इन सभी मामलों का निस्तारण 3 अक्टूबर तक करेगा, जबकि अंतिम मतदाता सूची 7 अक्टूबर को जारी की जाएगी।
यह भी देखेंःराम मंदिर चढ़ावा मामले में सुप्रीम कोर्ट ने तत्काल सुनवाई से किया इनकार, 12 जुलाई के बाद होगी सुनवाई
दिल्ली में 1.45 करोड़ से अधिक मतदाता
निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली में कुल 1.45 करोड़ से अधिक पंजीकृत मतदाता हैं। इनमें पुरुष, महिला और थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं। राजधानी में 13 हजार से अधिक मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में दिव्यांग, युवा और 100 वर्ष से अधिक आयु के मतदाता भी सूची में दर्ज हैं।
कई राज्यों में चल रही है SIR प्रक्रिया
निर्वाचन आयोग के अनुसार, विशेष गहन पुनरीक्षण की प्रक्रिया देश के कई राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों में जारी है। आयोग का कहना है कि इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाना है। इस प्रक्रिया को लेकर विभिन्न राजनीतिक दलों की अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं, जबकि निर्वाचन आयोग इसे चुनावी प्रक्रिया की पारदर्शिता और शुद्धता के लिए आवश्यक कदम बता रहा है।