एनएच-58 पर दशरथपुर गांव स्थित मंगलम फार्म हाउस के पास रविवार को तेज रफ्तार थार जीप ने बाइक सवार को जोरदार टक्कर मार दी। भीषण हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि साथ बैठी महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। दुर्घटना के बाद थार जीप पलट गई और चालक खेतों के रास्ते फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
सतपाल ने उससे लिफ्ट मांगी
जानकारी के अनुसार लोईया निवासी सोनू (30) बाइक से दशरथपुर स्थित विद्युत कार्यालय जा रहा था। रास्ते में सरधना निवासी अमन पत्नी सतपाल ने उससे लिफ्ट मांगी और बाइक पर बैठ गई। जैसे ही वे मंगलम फार्म हाउस के निकट पहुंचे, तेज रफ्तार थार ने लापरवाही से चलते हुए बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि सोनू उछलकर सड़क पर जा गिरा और उसकी मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अमन गंभीर रूप से घायल हो गई।
हाईवे पर जाम लग गया
हादसे के बाद थार जीप कई बार पलटकर सड़क पर ही उलट गई। जिससे हाईवे पर जाम लग गया। मौके पर अफरा-तफरी मच गई और राहगीरों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान चालक व उसके साथी वाहन से निकलकर खेतों के रास्ते फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल महिला को उपचार के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहन को हटवाकर यातायात सुचारू कराया गया। घटना की सूचना मिलते ही मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया। सीओ दौराला प्रकाश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि मृतक के मामा जयवीर की तहरीर पर थार चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। आरोपी की तलाश में टीम लगाई गई है।
मोदी कॉन्टिनेंटल में सुपरवाइजर था सोनू
परिजनों के अनुसार सोनू परिवार का जिम्मेदार सदस्य था। उसकी एक बड़ी बहन और एक छोटा भाई आशु है। बहन की शादी हो चुकी है। सोनू भी विवाहित था और उसके एक बेटा व एक बेटी हैं। वह मोदी कॉन्टिनेंटल में सुपरवाइजर के पद पर कार्यरत था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।