आईपीएल 2026 के 31वें मुकाबले में आज सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स आमने सामने होंगी। यह मुकाबला हैदराबाद के राजीव गांधी अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में शाम 7:30 बजे से खेला जाएगा। दोनों टीमें हाल ही में हार के बाद जीत की पटरी पर लौटी हैं, इसलिए यह मुकाबला आत्मविश्वास बनाए रखने के लिए बेहद अहम माना जा रहा है।
हेड टू हेड और दोनों टीमों की टक्कर
दोनों टीमों के बीच अब तक 26 मुकाबले खेले गए हैं। इनमें हैदराबाद ने 13 मैच जीते हैं, जबकि दिल्ली को 12 जीत मिली है और एक मैच बेनतीजा रहा। इससे साफ है कि दोनों टीमों के बीच कांटे की टक्कर रहती है। मौजूदा फॉर्म को देखें तो दोनों टीमें बराबरी पर नजर आ रही हैं, जिससे आज का मुकाबला और भी दिलचस्प हो गया है।
पिच रिपोर्ट क्या कहती है
राजीव गांधी स्टेडियम की पिच काली मिट्टी की बनी है, जो आमतौर पर बल्लेबाजों के लिए मददगार मानी जाती है। यहां गेंद अच्छे से बल्ले पर आती है और बाउंस भी रहता है, जिससे बड़े स्कोर बनने की संभावना बढ़ जाती है। शुरुआत में गेंदबाजों को थोड़ी मुश्किल होती है, खासकर पॉवरप्ले में रन तेजी से बनते हैं। दूसरी पारी में बल्लेबाजी और आसान हो जाती है, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम पहले गेंदबाजी करना पसंद कर सकती है।
मौसम का हाल और असर
हैदराबाद में आज मौसम लगभग साफ रहने की उम्मीद है। शाम के समय हल्की बारिश की संभावना जरूर जताई गई है, लेकिन इसका प्रतिशत बहुत कम है। मैच पर बारिश का खतरा नहीं है। पहली पारी में तापमान करीब 33 से 34 डिग्री रहेगा, जबकि दूसरी पारी में यह घटकर 29 से 30 डिग्री तक आ सकता है। कुल मिलाकर मौसम मैच के लिए अनुकूल माना जा रहा है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग इलेवन
सनराइजर्स हैदराबाद की संभावित टीम में अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन कप्तान के रूप में, हेनरिक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, नितीश रेड्डी, सलिल अरोड़ा विकेटकीपर, शिवांग कुमार, प्रफुल्ल हिंगे, साकिब हुसैन और ईशान मलिंगा शामिल हो सकते हैं।
इसे भी पढे़ं : ढाका में बांग्लादेशी तेज गेंदबाज का जलवा, सीरीज में बराबरी का मौका, 5 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को 200 से पहले समेटा
दिल्ली कैपिटल्स की संभावित टीम में पथुम निसांका, केएल राहुल विकेटकीपर, समीर रिजवी, ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल कप्तान, डेविड मिलर, एकिब नबी, लुंगी एनगिडी, कुलदीप यादव, टी नटराजन और मुकेश कुमार को मौका मिल सकता है।
कौन पड़ेगा भारी
दोनों टीमों की हालिया फॉर्म को देखते हुए मुकाबला पूरी तरह बराबरी का लग रहा है। बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में संतुलन होने के कारण यह मैच आखिरी ओवर तक जा सकता है। अब देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी टीम अपनी जीत की लय को जारी रख पाती है और कौन दबाव में बिखर जाती है।