SSC CHSL 2026: सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए सुनहरा मौका है। दरअसल, कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कंबाइंड हायर सेकेंडरी, लेवल एग्जामिनेशन यानी SSC CHSL 2026 के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस भर्ती के जरिए 2536 पदों को भरा जाएगा। इच्छुक उम्मीदवार आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करने की अंतिम तारीख 7 अक्टूबर तय की गई है।
इतने पदों पर होगी भर्ती
इस भर्ती अभियान के जरिए कुल 2,536 पदों पर उम्मीदवारों का चयन किया जाएगा। इस भर्ती के जरिए लोअर डिवीजन क्लर्क (एलडीसी)/जूनियर सेक्रेटेरिएट असिस्टेंट (जेएसए), डेटा एंट्री ऑपरेटर (डीईओ) और डेटा एंट्री ऑपरेटर, ग्रेड 'ए' के पद शामिल हैं।
कौन कर सकता है आवेदन
इस भर्ती में आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड या संस्थान से 12वीं कक्षा या समकक्ष परीक्षा पास होना जरूरी है। आयु सीमा की बात करें, तो उम्मीदवार की न्यूनतम आयु 18 साल और अधिकतम आयु 27 साल निर्धारित की गई है। आयु की गणना 1 अक्टूबर 2026 के आधार पर की जाएगी। वहीं, आरक्षित श्रेणी से आने वाले कैंडिडेट्स को नियमानुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
कितनी मिलेगी सैलरी
इस भर्ती में चयनित उम्मीदवारों को अलग-अलग पदों के अनुसार 7वें केंद्रीय वेतन आयोग के तहत सैलरी मिलेगी। एलडीसी-जीएसए पद पर चयनित लोगों को पे लेवल-2 में 19,900 से 63,200 रुपये तक सैलरी मिलेगी। जबकि डीईओ पद पर पे लेवल-4 में 25,500 से 81,100 रुपये और पे लेवल-5 में 29,200 से 92,300 तक सैलरी दी जाएगी। वहीं, डीईओ ग्रेड ए पर चयनित उम्मीदवारों को पे लेवल 4 के तहत 25,500 से 81,100 रुपये तक सैलरी मिलेगी।
यह भी पढ़ें: UIIC Recruitment 2026: इस सरकारी बीमा कंपनी में प्रशासनिक अधिकारी के पदों पर निकली भर्ती, जानें कौन कर सकता है आवेदन
ऐसे करें आवेदन
1. सबसे पहले ssc.gov.in पर जाएं।
2. इसके बाद भर्ती से संबंधित लिंक पर क्लिक करें।
3. अब रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया पूरी करें।
4. इसके बाद मांगी गई डिटेल भरकर डॉक्यूमेंट अपलोड करें।
5. अंत में आवेदन शुल्क जमा कर फॉर्म को सबमिट कर दें।