
दुनिया के अमीरों में अमेरिकी उद्योगपति एलन मस्क ने सोमवार के 10,000 उपग्रहों को लॉन्च करने के लिए सैटेलाइट इंटरनेट सेवा स्टारलिंक को सराहा है। ऐसा बताया जा रहा है कि कंपनी ने कैलिफोर्निया के वैंडेनबर्ग स्पेस फोर्स बेस से 28 स्टारलिंक इंटरनेट उपग्रहों को भेजा है। इसे ले जाने के लिए फॉल्कन 9 रॉकेट को प्रक्षेपित किया गया है। इस बीच स्टारलिंक ने 19 अक्टूबर को 10 हजार के आंकड़े को पार कर लिया। इस प्रक्षेपण के साथ स्पेसएक्स की 2025 की 132वीं फाल्कन 9 उड़ान पूरी हुई। इसने बीते साल के रिकॉर्ड की बराबरी की है।
कई गुना अधिक उपग्रह मौजूद
इस दौरान मस्क ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक पोस्ट किया, स्टारलिंक और फाल्कन टीमों को 10 हजार उपग्रह बनाने और प्रक्षेपित करने को लेकर ढेर सारी बधाई! स्पेसएक्स के अब कक्षा में अन्य सभी उपग्रहों की तुलना में कई गुना अधिक उपग्रह मौजूद हैं। स्टारलिंक ने एक्स पर कहा कि स्पेसएक्स ने अब तक 10,000 से अधिक स्टारलिंक उपग्रह को प्रक्षेपित किया है। इससे दुनिया भर के लाखों लोगों को हाई-स्पीड इंटरनेट की सुविधा प्राप्त होगी।
नेटवर्क की शुरूआत दो प्रोटोटाइप उपग्रहों के संग शुरू
स्टारलिंक नेटवर्क की शुरुआत 2018 में टिनटिन ए और टिनटिन बी नामक दो प्रोटोटाइप उपग्रहों के संग शुरू हुई थी। स्टारलिंक इस वक्त दुनिया भर में लाखों उपयोगकर्ताओं को सेवाएं दे रहा है। स्पेसएक्स की ओर से प्रक्षेपित 8 हजार से ज्यादा स्टारलिंक उपग्रह इस समय ऑपरेशनल हैं। आपको बता दें, स्पेसएक्स की ओर से संचालित स्टारलिंक, पृथ्वी की निचली कक्षा के उपग्रहों के एक समूह के जरिए इंटरनेट सेवाओं को देता है। इसकी मदद से दूरदराज के क्षेत्रों तक सेवाएं मिल सकेंगी।