देश में बजट 2026 को लेकर उत्सुकता अपने चरम पर है। 1 फरवरी को वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण लगातार नौवीं बार बजट पेश करने जा रही हैं। बजट से आम लोगों से लेकर निवेशकों तक को बड़ी उम्मीदें हैं। इसी बीच शेयर बाजार में हालिया उतार चढ़ाव ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। सबसे बड़ा सवाल यही है कि जिस दिन बजट पेश होगा उस दिन बाजार खुलेगा या नहीं क्योंकि 1 फरवरी इस बार रविवार को पड़ रहा है।
रविवार को भी खुलेगा शेयर बाजार
निवेशकों के लिए राहत की खबर है। बजट वाले दिन यानी रविवार 1 फरवरी 2026 को शेयर बाजार बंद नहीं रहेगा। इस दिन एनएसई और बीएसई दोनों में विशेष ट्रेडिंग सत्र आयोजित किया जाएगा। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने साफ कर दिया है कि बजट के दिन सामान्य कारोबारी दिनों की तरह ही शेयरों की खरीद बिक्री होगी। यानी निवेशक बिना किसी रुकावट के ट्रेड कर सकेंगे।
पहले भी खुल चुका है बाजार रविवार को
यह पहली बार नहीं है जब रविवार को शेयर बाजार खुलेगा। इससे पहले भी एक बार बजट रविवार को पेश हुआ था और उस दिन विशेष ट्रेडिंग सत्र रखा गया था। बाजार नियामकों का मानना है कि बजट का सीधा असर बाजार पर पड़ता है इसलिए निवेशकों को उसी दिन प्रतिक्रिया देने का मौका मिलना चाहिए। इसी वजह से इस बार भी बाजार को खुला रखने का फैसला लिया गया है।
इसे भी पढ़ें : UAE Singapore में Tax शून्य, भारत में 30 फीसदी क्यों, Budget 2026 Crypto निवेशकों को देगा राहत या नहीं
बजट का शेयर बाजार से क्या है कनेक्शन
बजट सिर्फ सरकार के खर्च और कमाई का हिसाब नहीं होता बल्कि यह देश की आर्थिक दिशा तय करता है। बजट में यह साफ होता है कि सरकार किन सेक्टरों को बढ़ावा देगी और कहां निवेश बढ़ेगा। टैक्स से जुड़े फैसले भी इसी दिन सामने आते हैं। इन सभी बातों का सीधा असर शेयर बाजार पर पड़ता है इसलिए बजट वाले दिन बाजार में हलचल तेज रहती है।
कौन से सेक्टर पर पड़ता है ज्यादा असर
बजट में जिन सेक्टरों को ज्यादा फंड या राहत मिलती है वहां की कंपनियों के शेयरों में तेजी देखने को मिलती है। इंफ्रास्ट्रक्चर बैंकिंग मैन्युफैक्चरिंग और ऊर्जा जैसे सेक्टर बजट के दिन खास फोकस में रहते हैं। वहीं जिन क्षेत्रों को अपेक्षा से कम समर्थन मिलता है वहां दबाव बनता है। निवेशक बजट भाषण के दौरान ही अपनी रणनीति बदलने लगते हैं।
निवेशकों के लिए क्या है सलाह
बजट वाले दिन बाजार में उतार चढ़ाव ज्यादा रहता है। ऐसे में निवेशकों को जल्दबाजी से बचना चाहिए। विशेषज्ञों की मानें तो बजट के तुरंत बाद बाजार की दिशा साफ होती है। लंबी अवधि के निवेशकों के लिए बजट के बाद सही मौके बन सकते हैं। कुल मिलाकर 1 फरवरी को बाजार खुला रहेगा और निवेशकों के लिए यह दिन काफी अहम रहने वाला है।