इस साल केंद्रीय बजट के दिन शेयर बाजार से जुड़ा एक बड़ा और अहम फैसला लिया गया है। 1 फरवरी 2026 को भले ही रविवार हो, लेकिन उस दिन नेशनल स्टॉक एक्सचेंज और बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज दोनों पर कारोबार होगा। वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण इसी दिन वित्त वर्ष 2026-27 का केंद्रीय बजट पेश करेंगी। बजट को लेकर निवेशकों की दिलचस्पी को देखते हुए बाजार को बंद नहीं रखा जाएगा, ताकि नीतिगत घोषणाओं का सीधा असर शेयरों पर देखा जा सके।
एनएसई ने किया ट्रेडिंग सेशन का ऐलान
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज ने निवेशकों को जारी अपने परिपत्र में साफ किया है कि बजट के दिन सामान्य कारोबारी समय के अनुसार ट्रेडिंग होगी। सुबह 9 बजे से 9 बजकर 8 मिनट तक प्री-ओपन मार्केट चलेगा। इसके बाद सुबह 9 बजकर 15 मिनट से दोपहर 3 बजकर 30 मिनट तक नियमित कारोबार होगा। यानी निवेशकों को रविवार के दिन भी बिल्कुल सामान्य वर्किंग डे जैसा ट्रेडिंग अनुभव मिलेगा।
बीएसई ने भी घोषित किया विशेष कारोबार दिवस
एनएसई के साथ-साथ बीएसई ने भी 1 फरवरी को विशेष कारोबार दिवस घोषित कर दिया है। बीएसई ने कहा है कि उस दिन सभी सेगमेंट में ट्रेडिंग नियमित कारोबारी घंटों के अनुसार ही होगी। इसका मतलब है कि इक्विटी से लेकर डेरिवेटिव्स तक निवेशक बजट से जुड़ी खबरों पर तुरंत प्रतिक्रिया दे सकेंगे। बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि इससे पारदर्शिता बढ़ेगी और निवेशकों को फैसले लेने में आसानी होगी।
ये भी पढ़ें : SBI ग्राहकों के लिए झटका! ATM से पैसे निकालना और बैलेंस चेक करना हुआ महंगा, जानिए नए चार्ज और किसे मिलेगी राहत
बजट की तारीख पर अटकलों का अंत
पिछले कुछ दिनों से यह चर्चा चल रही थी कि रविवार होने के कारण बजट की तारीख बदली जा सकती है। हालांकि केंद्र सरकार ने इन अटकलों को पूरी तरह खारिज कर दिया है। सरकार ने साफ किया है कि बजट अपने तय कार्यक्रम के अनुसार 1 फरवरी को ही पेश किया जाएगा। हाल ही में हुई कैबिनेट कमेटी ऑन पार्लियामेंट्री अफेयर्स की बैठक में बजट सत्र से जुड़ी सभी तारीखों को मंजूरी दी गई है।
बजट सत्र का पूरा शेड्यूल क्या है
सरकारी कार्यक्रम के अनुसार 28 जनवरी को राष्ट्रपति संसद के संयुक्त सत्र को संबोधित करेंगे। इसके अगले दिन 29 जनवरी को आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा। इसके बाद 1 फरवरी को रविवार के दिन केंद्रीय बजट पेश होगा। इस शेड्यूल के साथ सरकार ने यह साफ कर दिया है कि बजट की तैयारियां तय समय पर ही आगे बढ़ेंगी और किसी तरह का बदलाव नहीं होगा।
निर्मला सीतारमण बनाएंगी नया रिकॉर्ड
इस बजट के साथ वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण एक खास उपलब्धि के करीब पहुंच जाएंगी। यह उनका नौवां बजट हो सकता है। अब तक वह 2 अंतरिम और 6 पूर्ण बजट पेश कर चुकी हैं। इसके साथ ही वह प्रणब मुखर्जी का रिकॉर्ड पीछे छोड़ते हुए पी चिदंबरम के 9 बार बजट पेश करने के रिकॉर्ड की बराबरी कर लेंगी। रविवार को पेश होने वाला यह बजट आर्थिक और राजनीतिक दोनों नजरिए से ऐतिहासिक माना जा रहा है।