भारतीय शेयर बाजार में सप्ताह की शुरुआत झटके के साथ हुई। सोमवार, 13 अक्टूबर को शुरुआती घंटों में निवेशकों की चिंताएं बढ़ीं जब सेंसेक्स 451 अंकों की गिरावट के साथ 82,049.16 पर खुला, जबकि निफ्टी 50 भी 108 अंकों की गिरावट के साथ 25,177 के स्तर पर पहुंच गया। वैश्विक बाजारों में कमजोरी, मुनाफावसूली और विदेशी निवेशकों की बिकवाली ने घरेलू शेयर बाजार को लाल निशान में धकेल दिया। शुरुआती कारोबार में लगभग सभी सेक्टरों में गिरावट दर्ज की गई।
शुरुआती कारोबार में गिरावट
सेंसेक्स 0.55 प्रतिशत की गिरावट के साथ 82,049.16 पर खुला और कुछ ही मिनटों में 82,247 तक पहुंचा। वहीं निफ्टी 50 भी 25,177 पर खुलने के बाद 25,211 के स्तर पर कारोबार कर रहा था। मिडकैप और स्मॉलकैप शेयरों में भी कमजोरी देखने को मिली। मार्केट ओपनिंग में आई इस गिरावट से निवेशकों की संपत्ति में अरबों का नुकसान हुआ है।
सेंसेक्स पर टॉप लूजर्स
आज के कारोबार में टाटा मोटर्स, टाटा स्टील, इन्फोसिस और बीईएल जैसे दिग्गज शेयरों में सबसे ज्यादा गिरावट दर्ज की गई। मेटल और ऑटो सेक्टर पर दबाव देखने को मिला, जिससे इन कंपनियों के शेयर नीचे फिसले।
टॉप गेनर्स ने संभाली बाजार की रफ्तार
गिरावट के बीच कुछ कंपनियों ने बाजार को सहारा देने की कोशिश की। इनमें भारती ऐयरटेल, एशियन पेंट, बजाज फाइनेंस और इटरनल के शेयर हरे निशान पर नजर आए। निवेशकों को उम्मीद है कि बैंकिंग और एफएमसीजी सेक्टर जल्द रिकवरी दिखा सकते हैं।
शुक्रवार को दिखी थी तेजी
पिछले कारोबारी सत्र यानी 10 अक्टूबर को बाजार ने मजबूत प्रदर्शन किया था। सेंसेक्स 328 अंक और निफ्टी 103 अंकों की बढ़त के साथ हरे निशान पर बंद हुए थे। ऑटो, बैंकिंग और एफएमसीजी सेक्टर ने उस दिन बढ़िया प्रदर्शन किया था। हालांकि, मेटल इंडेक्स ने निवेशकों को नुकसान पहुंचाया था, जिसमें हिंद कॉपर के शेयर 6 प्रतिशत तक लुढ़के थे।
Market Outlook
विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले दिनों में विदेशी संकेतक, डॉलर इंडेक्स और कच्चे तेल की कीमतें बाजार की दिशा तय करेंगी। निवेशकों को फिलहाल सावधानी से निवेश करने की सलाह दी जा रही है।