गुरुवार सुबह कॉलोनी गेट पर गाड़ियां गलत तरीके से खड़ी करने का विरोध करना एक सिपाही और उसके पिता को भारी पड़ गया। रास्ता सीधा कराने की बात कहने पर आरोपी युवक और उसके परिजन इतने भड़क गए कि सिपाही और उसके पिता पर हमला बोल दिया। मारपीट में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रास्ता जाम हो गया था
सिपाही शिवम् चौहान ने बताया कि वह सुबह बाइक से अपने पिता सुशील चौहान के साथ सामान लेने जा रहे थे। जैसे ही कॉलोनी गेट नंबर-02 पर पहुंचे, वहां बैलेनो और ऑडी गाड़ियां इस तरह खड़ी थीं कि रास्ता जाम हो गया था। गेट पर तैनात गार्ड ने बताया कि वाहन इंड्रप्रस्थ कॉलोनी फेस-1 निवासी अनुज ऐरोन के किसी परिजन के हैं।
परिवार के 6-7 सदस्य भी मौके पर आ पहुंचे
शिवम ने बताया कि उन्होंने गाड़ी को सीधा करने के लिए पास के मकान की घंटी बजाकर अनुरोध किया तो अनुज ऐरोन गाली-गलौज पर उतारू हो गया और देखते ही देखते मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उसके परिवार के 6-7 सदस्य भी मौके पर आ पहुंचे और सभी ने मिलकर हमला कर दिया।
मारपीट के दौरान सिपाही का गला दबाया
आरोप है कि मारपीट के दौरान सिपाही का गला दबाया गया, थप्पड़-घूंसों से प्रहार किए गए और पालतू जानवर तक छोड़ दिए गए। बीच-बचाव करने पहुंचे उनके पिता के साथ भी जमकर मारपीट की गई। हमले में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित वर्तमान में जनपद पीलीभीत में आरक्षी के पद पर तैनात हैं। उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है। पल्लवपुरम थाना प्रभारी रमेश चंद्र शर्मा ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।