आईपीएल 2025 ने क्रिकेट को एक नया सितारा दिया है—बिहार के 14 वर्षीय वैभव सूर्यवंशी. राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए उन्होंने न केवल सबसे कम उम्र में डेब्यू किया, बल्कि अपनी आक्रामक बल्लेबाजी से सबको चौंका दिया. उनकी निडर शुरुआत ने क्रिकेट फैंस और दिग्गजों को हैरान कर दिया.
पहली ही गेंद पर छक्का, फिर रचा इतिहास
वैभव ने 19 अप्रैल को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ डेब्यू करते हुए पहली ही गेंद पर छक्का जड़ा और अपने इरादे जाहिर कर दिए. लेकिन क्रिकेट इतिहास में उनका नाम तब दर्ज हो गया, जब उन्होंने 28 अप्रैल को गुजरात टाइटंस के खिलाफ सिर्फ 35 गेंदों में शतक ठोक दिया—जो टी20 में सबसे कम उम्र में और सबसे तेज भारतीय शतक बन गया.
कोच का दावा: “ये बच्चा इंडिया जरूर खेलेगा”
वैभव के कोच अशोक कुमार का मानना है कि यह युवा बल्लेबाज अगले दो साल में टीम इंडिया का हिस्सा बन सकता है. उन्होंने कहा कि वैभव की तकनीक हमेशा शानदार रही है, लेकिन अब उसका आत्मविश्वास और मानसिक मजबूती कमाल की हो गई है. कोच का कहना है, “अब वह बार-बार कहता है – सर, इंडिया खेलकर ही मानूंगा.”
इंग्लैंड दौरे से खुल सकते हैं और मौके
आईपीएल में धमाकेदार प्रदर्शन के बाद वैभव को भारतीय अंडर-19 टीम में इंग्लैंड दौरे के लिए चुना गया है. यह उनके करियर का अगला बड़ा पड़ाव है. अगर उन्होंने वहां भी अच्छा प्रदर्शन किया, तो सीनियर टीम का दरवाज़ा जल्द खुल सकता है. बीसीसीआई की नजरें अब इस 14 साल के चमत्कारिक खिलाड़ी पर हैं.