नए साल के स्वागत में बिना अनुमति के पार्टी आयोजित करने वाले होटल संचालकों से लेकर फार्म हाउस के मालिकों पर पुलिस ने कानूनी शिकंजा कसने की तैयारी कर ली है। साथ ही शराब पीकर सड़कों पर हुड़दंग करने वाले लोगों को भी पुलिस कड़ा सबक सीखाएगी। इस संबंध में डीआईजी मेरठ रेंज ने जहां सभी जिलों के कप्तानों को कंटीजेंसी प्लान बनाने के आदेश दिए है, वहीं बिना अनुमति के पार्टी आयोजित करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करने के लिए कहा है।
थानेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई
साथ ही चारों जिलों के थाना प्रभारियों को आदेश दिए है कि वह अभी से चेकिंग प्वाइंट तैयार कर ले। अगर नए साल के स्वागत पर कही हंगामा या फिर उत्पात की घटना हुई तो संबंधित थानेदार के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। दो दिन बाद आने वाले नए साल के स्वागत के लिए होटलों और फार्म हाउस के संचालकों ने सजाना शुरू कर दिया और बुकिंग भी शुरू कर दी है। ऐसे में नए साल पर कहीं कोई अप्रिय घटना घटित न हो इसको लेकर पुलिस को भी अलर्ट किया गया है। इस संबंध में मेरठ रेंज के डीआईजी कलानिधि नैथानी ने मेरठ, बागपत, हापुड़ और बुलंदशहर जिलों के कप्तानों को कंटीजेंसी प्लान तैयार करने के आदेश दिए है। जिसके तहत भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग, पैदल गश्त, पीआरवी एवं क्यूआरटी को सक्रिय रखा जाए।
स्वयं भ्रमण करें और कोई नई परंपरा ना डाली जाए
साथ ही असामाजिक, आतंकी तत्वों द्वारा विध्वंसक गतिविधियों के कारित होने की सम्भावना को दृष्टिगत व उनसे निपटने की भी कार्ययोजना तैयार कर लें। सभी जिलों के कप्तानों को निर्देश दिए गए है कि वह ड्यूटी चार्ट बना ले और पर्याप्त संख्या में नाइट पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाए। प्रमुख स्थलों का राजपत्रित अधिकारी स्वयं भ्रमण करे और कोई नई परंपरा ना डाली जाए। किसी को भी बिना लाइसेंस के पार्टी करने की अनुमति न दें, क्योंकि शराब पीकर झगड़े के दौरान फायरिंग की घटना से कानून-व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका रहती है। अगर बिना अनुमति के किसी थाना या फिर चौकी क्षेत्र के होटल या फार्म हाउस में नए साल पर पार्टी की सूचना मिली तो संबंधित थानेदार व चौकी प्रभारी पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।
आयोजनों की समीक्षा करने के बाद ही अनुमति दें
डीआईजी ने बताया, चारों जिलों के पुलिस कप्तानों को आदेश दिए गए है कि वह अपने-अपने जिले के डीएम से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रमों की प्रकृति और आयोजनों की समीक्षा करने के बाद ही अनुमति दें। आबकारी विभाग की बिना अनुमति शराब की बिक्री, भंडारण अथवा व्यावसायिक वितरण न होने दे। सोशल मीडिया पर कड़ी नजर रखें। अगर कोई अफवाह फैलाता है तो तत्काल प्रभाव से उस पर कानूनी कार्रवाई करें। डीआईजी ने यातायात पुलिस को अलग से ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने के लिए कहा, ताकि सभी प्रमुख मार्गों, चौराहों, तिराहों, कटों व पार्किंग स्थलों पर पर्याप्त यातायात पुलिसकर्मी तैनात किए जा सकें। डीआईजी ने स्पष्ट कहा है कि नववर्ष के नाम पर किसी भी प्रकार की अराजकता, नियम विरुद्ध आयोजन और कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और ऐसे लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।