
दिल्ली-एनसीआर में मंगलवार को तेज हवाओं के साथ भारी बारिश ने मौसम का मिज़ाज बदल दिया है। सुबह से जारी बारिश ने तापमान में गिरावट ला दी है, जिससे लोगों को हल्की ठंडक का एहसास होने लगा है। इससे पहले सोमवार को भी कई इलाकों में तेज हवाओं और बारिश ने दस्तक दी थी।
रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है
भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने दिल्ली के सभी जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। उत्तर प्रदेश के नोएडा और गाज़ियाबाद भी इस अलर्ट की जद में हैं। वहीं, हरियाणा के गुरुग्राम और फरीदाबाद के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार, एनसीआर में हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ छींटे पड़ने की संभावना है। हवाओं की रफ्तार 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
जलभराव की समस्या सामने आई
बारिश के चलते दिल्ली के कई इलाकों में जलभराव की समस्या सामने आई है। सड़कों पर पानी भरने से यातायात बाधित हुआ है और लोगों को अपने कार्यालयों तक पहुंचने में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सोशल मीडिया पर कई जगहों से जलभराव की तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वाहन पानी में फंसे नजर आ रहे हैं। मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि वे अनावश्यक रूप से बाहर न निकलें और सुरक्षित स्थानों पर रहें। साथ ही, वाहन चालकों को सतर्कता बरतने की अपील की गई है।