किसी बात पर मां के डाटने पर छात्रा ने जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया। हालत खराब होने पर परिजन छात्रा को लेकर अस्पताल में पहुंचे। उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गयी। परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया। पुलिस ने पंचायतनामा भरकर शव बिना पोस्टमार्टम कराए परिजनों के सुपुर्द कर दिया है।
चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया
नगर क्षेत्र के थाना नईमंडी इलाके के एक मोहल्ला निवासी 14 वर्षीय छात्रा को उसकी मां ने करेले की बेल तोडने पर डांट दिया। डाटने के बाद मां घर में खाना बनाने के लिए चली गयी। छात्रा ने घर में रखी चूहे मारने की दवा का सेवन कर लिया। हालत खराब होने पर परिजन छात्रा को लेकर जिला अस्पताल में पहुंचे। जहां उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गयी। थाना प्रभारी बृजेश कुमार शर्मा ने बताया कि परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इंकार कर दिया।
पोस्टमार्टम कराए परिजनों के सुपुर्द कर दिया
पुलिस ने परिजनों से लिखित में प्रार्थना पत्र लेकर शव का पंचायतनामा भरकर बिना पोस्टमार्टम कराए परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है। परिजनों ने छात्रा का अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस के अनुसार छात्रा की मां घरो में खाना बनाने का काम करती है, जबकि उसके पिता मजदूरी करते है।
विवाहिता की गला दबाकर हत्या करने का प्रयास
शहर के नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत बचन सिंह कालोनी की रहने वाली विवाहित। महिला ने ससुरालियों पर अतिरिक्त दहेज में 50 लाख रुपए की मांग पूरी न होने पर उत्पीडन का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके साथ मारपीट कर जलाकर मारने का प्रयास भी किया।
मानसिक व शारीरिक उत्पीडन करने लगे
क्षेत्र के मोहल्ला बचन सिंह कालोनी निवासी वैशाली पुंडीर की शादी 2024 में हरियाणा के गुरुग्राम निवासी कपिल राघव पुत्र परम सिंह के साथ हुई थी। शादी के बाद ससुराल पक्ष के लोग अतिरिक्त दहेज की मांग को लेकर उसका मानसिक व शारीरिक उत्पीडन करने लगे। आरोप है कि ससुराल पक्ष के लोगों ने उसे जंगल में बने फार्म हाउस में छोड दिया और उसके साथ मारपीट करने लगे। 21 अगस्त 2025 को पति व अन्य ससुरालियों ने उसकी गला दबाकर हत्या का प्रयास किया। शोर शराबा सुनकर आसपास के लोगों ने उसे छुडाया। ससुराल पक्ष के लोगों ने उसके पिता से 50 लाख रुपए की मांग की। पुलिस ने पीडिता की तहरीर पर पति कपिल राघव, सास, ससुर, और दो अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।