दो बसों के बीच में फंसी छात्रा की कालेज जाते समय दर्दनाक मौत गई। हादसे के बाद दोनों चालक बस लेकर भाग गए। छात्रा के परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। बावजूद इसके पुलिस अपने स्तर पर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से चालकों की तलाश में जुट गई है। छात्रा की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
चालकों को सचेत करने के लिए शोर भी मचाया
ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र की ईरा कॉलोनी निवासी अफसा कैंट स्थित डोगरा लाइंस स्कूल में कक्षा 11वीं में पढ़ती थी। रोजाना की तरह वह मंगलवार सुबह स्कूल जाने के लिए अकेली स्कूटी से निकली था। सुबह साढ़े सात बजे जब वह भैंसाली बस अड्डे के पास पहुंची तो वह दोनों बसों के बीच में फंस गई थी। यह देखकर आसपास के लोगों ने दोनों बसों के चालकों को सचेत करने के लिए शोर भी मचाया, लेकिन साविरयों के चक्कर में दोनों बसों के चालकों ने एक-दूसरे से आगे निकलने के चक्कर में साइड दबा दी और दोनों बसों के बीच में फंस कर छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई। राहगीरों को दौड़ता आता देखकर दोनों चालक बस लेकर वहां से भाग गए।
छात्रा को लेकर दयानंद अस्पताल पहुंचे
स्थानीय लोग छात्रा को लेकर दयानंद अस्पताल पहुंचे, जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। छात्रा के पास से मिले आई कार्ड के आधार पर लोगों ने परिजनों व सदर बाजार थाना पुलिस को घटना की जानकारी दी। परिजन रोते हुए अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने कानूनी कार्रवाई के लिए कहा तो परिजनों ने मना कर दिया और लिखा पढ़ी के बाद परिजन शव को लेकर चले गए। सदर बाजार थाने की आबूलेन चौकी प्रभारी विनय कुमार ने बताया, परिजनों ने कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया है। लिखा पढ़ी के बाद शव को उनके सुपुर्द कर दिया। बस स्टैंड के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज कब्जे में ली गई है। ताकि बस चालकों की पहचान के बाद उन पर कार्रवाई की जा सके। साथ ही इस मामले में पुलिस अपनी तरफ से मुकदमा दर्ज कराएगी।