ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार छात्र की मौत हो गई। जबकि हादसे में उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गईं। घटना उस समय हुई जब मां-बेटे डॉक्टर को दिखाने के बाद बाइक से घर लौट रहे थे। आसपास के लोगों ने घटना की सूचना परिजनों को दी। परिजन उन्हें मेरठ के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने छात्र को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम भेज दिया। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव लाया गया और कब्रिस्तान में सुपुर्द ए खाक कर दिया।
राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी
परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के बढ़ला सौंदत संपर्क मार्ग पर मंगलवार दोपहर को ट्रैक्टर-ट्रॉली चालक ने बाइक सवार छात्र जुबैर व उसकी मां साहना को टक्कर मार दी। वह दोनों लोग डाक्टर को दिखाकर गांव सौंदत वापस आ रहे थे। हादसे में दोनों लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। हादसे के बाद राहगीरों ने परिजनों को सूचना दी। परिजन दोनों घायलों को मेरठ के निजी अस्पताल लेकर पहुंचे।
हालत गंभीर बताई गई
वहां डॉक्टरों ने जुबैर को मृत घोषित कर दिया। उसकी मां साहना का इलाज चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी लेने के बाद मृतक छात्र के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। चालक ट्रैक्टर ट्रॉली छोड़कर फारर हो गया। पुलिस ने टैक्टर ट्रॉली को कब्जें में लेकर थाने में भेज दिया। पुलिस चालक की तलाश में जुट गई है। पोस्टमार्टम के बाद शव गांव सौंदत लाया गया, जहां कब्रिस्तान में उसके शव को सुपुर्द ए खाक कर दिया गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।