एक छात्र ने अपनी खुद ही अपहरण की साजिश रच डाली। पिता के मोबाइल पर मैसेज भेजकर दो लाख रुपए तक की मांग कर दी। जिसकी सूचना परिजनों ने तुरंत ही थाना पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन करते हुए युवक के मोबाइल की लोकेशन निकालते हुए उसे रात में ही बरामद कर लिया। टीपी नगर थाना क्षेत्र के रहने वाले एक छात्र शाम को घर से ट्यूशन के लिए निकला था। कुछ घंटों बाद छात्र के मोबाइल से परिजनों के मोबाइल पर एक मैसेज मिला। जिसको पढ़कर परिजनों के होश उड़ गए। जिसमे उसके अपहरण की सूचना दी गई थी। मैसेज में अपहरणकर्ताओं के द्वारा दो लाख रुपये की मांग की गई थी।
पुलिस की एक टीम मवाना के लिए रवाना हो गई
यह भी कहा गया था कि जल्द ही वह रुपए कहां लेकर आने हैं, इसका पता भी बता देंगे। धमकी तक दी गई कि अगर पुलिस से शिकायत की गई तो बेटे को खो दोगे। इसके बाद परिवार में खलबली मच गई। जिसकी सूचना परिजनों ने थाना पुलिस को देते हुए अपहरण की तहरीर दी। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर छानबीन करनी शुरु कर दी। पुलिस को छात्र के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो वह मवाना में मिली। लोकेशन मिलते ही थाने से पुलिस की एक टीम मवाना के लिए रवाना हो गई।
लोकेशन के हिसाब से छात्र को बरामद कर लिया
पुलिस ने लोकेशन के हिसाब से छात्र को बरामद कर लिया। देर रात पुलिस छात्र को लेकर टीपी नगर थाने पहुंची जहां उसने पूछताछ कर रहीं है। इंस्पेक्टर टीपी नगर ने बताया छात्र ने परीक्षा देने से बचने के लिए यह साजिश रची थी, और पैसे की डिमांड भी इसने अपने फोन से मैसेज करके मांगी थी। परिजनों से वार्ता के बाद छात्र को सुपुदर्गी में दे दिया।