Student Protest Parliament Debate : संसद के मॉनसून सत्र के बीच छात्र आंदोलन और परीक्षा व्यवस्था को लेकर सरकार ने अपना रुख साफ कर दिया है। संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि सरकार छात्रों से जुड़े मुद्दों पर सदन में पूरी और विस्तृत चर्चा के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि विपक्ष जिन बिंदुओं को उठाना चाहता है, सरकार उनका जवाब देगी और गृह मंत्री सरकार की ओर से पक्ष रखेंगे।
विपक्ष से हंगामा नहीं करने अपील
किरेन रिजिजू ने विपक्ष से अपील की कि छात्र आंदोलन पर चर्चा के दौरान सदन में हंगामा न किया जाए। उनका कहना है कि छात्रों से जुड़े विषय बेहद महत्वपूर्ण हैं और सभी सांसदों को अपनी बात रखने का अवसर मिलना चाहिए। सरकार का रुख है कि चर्चा को बाधित करने के बजाय मुद्दों पर संसद में गंभीर बहस होनी चाहिए।
BAC बैठक में क्या हुआ
बिजनेस एडवाइजरी कमेटी की बैठक में सरकार की ओर से छात्र आंदोलन के मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार होने की जानकारी दी गई। हालांकि विपक्ष ने अयोध्या के राम मंदिर से जुड़े चंदे में कथित गड़बड़ी के मामले पर भी संसद में चर्चा की मांग रखी। इससे सरकार और विपक्ष की प्राथमिकताओं को लेकर मतभेद सामने आए हैं। अब सदन में किन मुद्दों पर चर्चा आगे बढ़ती है, इस पर नजर है।
ये भी पढ़ें : 16 अगस्त तक कई ट्रेनें रद्द! सफर से पहले जरूर चेक करें स्टेटस, नहीं तो हो सकती है परेशानी
FCRA-परिसीमन पर फिलहाल चर्चा नहीं
BAC में प्रस्तावित FCRA संशोधन और परिसीमन से जुड़े विधेयकों पर चर्चा के लिए फिलहाल कोई प्रस्ताव नहीं रखा गया है। इस समय सरकार की प्राथमिकता छात्र आंदोलन और परीक्षा सुधार से जुड़े विषयों पर चर्चा की है। इससे पहले सरकार लोकसभा में Public Examinations (Prevention of Unfair Means) Amendment Bill, 2026 भी पेश कर चुकी है, जिसका उद्देश्य परीक्षाओं में पेपर लीक और अनुचित साधनों पर रोक लगाने वाले कानूनी ढांचे को मजबूत करना है।
सरकार-विपक्ष में टकराव जारी
छात्र आंदोलन को लेकर सरकार और विपक्ष के बीच सियासी खींचतान बनी हुई है। विपक्ष पेपर लीक और छात्रों पर कथित पुलिस कार्रवाई को लेकर सरकार से जवाब मांग रहा है। वहीं सरकार का कहना है कि परीक्षा व्यवस्था में सुधार और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं। अब सरकार की चर्चा के लिए सहमति के बाद बड़ा सवाल यही है कि संसद में बहस कब शुरू होती है और विपक्ष किन मुद्दों को सबसे ज्यादा जोर से उठाता है।