मुजफ्फरनगर। फीस जमा न होने पर कॉलेज प्राचार्यों और प्रबंध तंत्र की प्रताड़ना से व्यथित होकर शनिवार को शरीर पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगाकर आत्मदाह का प्रयास करने वाले कस्बा बुढ़ाना के डीएवी डिग्री कालेज के छात्र उज्जवल राणा ने रविवार की सायं करीब 05 बजे दिल्ली के एक अस्पताॅल में उपचार के दौरान 29 घंटे बाद दम तोड दिया। उधर उसकी मौत की खबर से पूर्व रविवार को बुढ़ाना कस्बे में जबरदस्त हक में की स्थिति रही। इस प्रकरण में लगभग डेढ़ दिन बीत जाने के बाद भी किसी भी नामजद आरोपी की गिरफ्तारी नही होने पर भाजपा, रालोद, भाकियू और जाट महासभा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने संयुक्त रूप से बुढ़ाना कोतवाली का घेराव कर सभी नामजद आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की तथा चेतावनी दी कि सोमवार को इस मामले में सख्त निर्णय लेकर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। रविवार होने के कारण कॉलेज बंद होने से आज कॉलेज गेट पर प्रदर्शन हुआ। कल इस मामले में और अधिक तूल पकड़ने की आशंका जताई जा रही है। मरने से पूर्व छात्र द्वारा सोशल मीडिया पर वायरल किए गए वीडियो पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने एक दारोगा व दो सिपाहियों को लाइन हाजिर कर दिया है।
आरोप है कि शनिवार 8 नवंबर को डीएवी डिग्री कालेज बुढ़ाना के छात्र उज्जवल राणा ने समय पर फीस जमा नहीं होने के कारण प्राचार्य प्रदीप कुमार की प्रताडना से तंग आकर अपने ऊपर ज्वलनशील पेट्रोल जैसा तेल छिड़ककर कॉलेज कैंपस में ही आग लगा ली थी। जिसको गंभीर हालत में मेरठ से दिल्ली के लिए रैफर कर दिया गया था। उधर बुढ़ाना पुलिस ने जख्मी छात्र उज्जवल की बहन सलोनी की तहरीर पर आरोपी प्राचार्य प्रदीप कुमार, कॉलेज प्रबंधक अरविंद गर्ग और पीटीआई संजीव कुमार के विरुद्ध मामला दर्ज कर लिया था। घटना के 24 घंटे बीतने के बाद भी रविवार की दोपहर तक भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नही होने पर रालोद जिलाध्यक्ष संदीप मलिक, पूर्व मंत्री योगराज सिंह, पूर्व प्रमुख विनोद मलिक, भाकियू जिला उपाध्यक्ष अनुज बालियान, तहसील अध्यक्ष संजीव पंवार, युवा भाजपा नेता मोनू मलिक, युवा रालोद जिलाध्यक्ष गज्जू पठान, जाट महासभा के जिलाध्यक्ष धर्मवीर बालियान आदि सैंकड़ों लोग बुढ़ाना कोतवाली पहुंचे और आरोपियों की गिरफ्तारी नही होने पर रोष जताया। तब सीओ गजेंद्र पाल सिंह ने सभी को आश्वस्त कर कहा कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर दी गयी हैं। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच चल रही है। प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर आरोप लगाया कम संगीन धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया गया है तो सीओ ने आश्वासन दिया के मुकदमे में आवश्यक धारा भी बढ़ाई जाएगी। छात्र उज्जवल की बहन सलोनी भी कोतवाली में धरने पर पहुंची और सब आरोपियों को गिरफ्तार किए जाने की मांग की। यहां भाकियू ब्लाक अध्यक्ष सुधीर सहरावत, तेजपाल वेदवान, सत्यपाल सहरावत, जाट महासभा के जिला महासचिव जयवीर सिंह, रिटायर्ड दारोगा रामछेल राठी, पूर्व प्रमुख अजीत पंवार, अंकुश राठी और सुरेंद्र सहरावत आदि नेता मौजूद रहे।
भाकियू ने थाने में की नारेबाजी
छात्र उज्जवल के प्रताड़ना से तंग आकर आत्मदहा के लिए आग लगाने के मामले में भाकियू कार्यकर्ताओं ने बुढ़ाना कोतवाली में पहुंचकर जोरदार नारेबाजी की ओर कहा कि अगर सभी नामजद आरोपी कल सुबह तक गिरफ्तार नहीं हुए तो फिर कोई बड़ा ही निर्णय लिया जाएगा।
डीएबी कालेज में होगी महापंचायत
बुढ़ाना के डीएवी। पीजी कॉलेज के छात्र उज्जवल राणा की मौत की खबर पर भाजपा नेता मोनू मलिक और अंकुश राठी ने सोमवार के दिन कालेज परिसर में महापंचायत करने की घोषणा की है।
आरोपियों की गिरफ्तारी को दो दिन का समय देते हुए धरना किया समाप्त
बुढ़ाना। कोतवाली बुढाना परिसर में भाजपा, रालोद, जाट महासभा और भारतीय किसान यूनियन के द्वारा दिया गया धरना प्रदर्शन उस समय समाप्त हो गया जब धरने पर मौजूद सीओ बुढ़ाना गजेंद्र पाल सिंह ने सभी लोगों से आरोपियों की गिरफ्तारी करने के लिए दो दिन का समय मांगा। जिस पर सभी ने सीओ की बात मानकर यह कहकर धरना समाप्त कर दिया कि अगर आरोपियो कि गिरफ्तारी दो दिन के भीतर नहीं की गयी तो फिर दो दिन के बाद बड़ा आंदोलन किया जाएगा।
अतिरिक्त पुलिस बल मंगाया.
बुढ़ाना। छात्र उज्जवल राणा की मौत की खबर के बाद स्थानीय पुलिस प्रशासन भी पूरी तरह से चौकन्ना हो गया है। कालेज परिसर के बाहर भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया। रविवार को हुए धरना प्रदर्शन के दौरान भले ही प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दो दिन का समय दे दिया हो लेकिन उस समय तक छात्र उज्जवल की मौत की खबर नहीं आई थी अब छात्र की मौत की खबर आने के बाद परिस्थिति अलग होने पर इस मामले में सोमवार को हंगामे की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल बुढ़ाना भेज दिया गया है।
डाक्टर सोनू कश्यप पीड़ित परिवार से मिले
बुढ़ाना। कश्यप समाज बुढ़ाना क्षेत्र की खाप के चौधरी डाक्टर सोनू कश्यप ने छात्र उज्जवल राणा की बहन सलोनी राणा से इस मामले में पूरी जानकारी ली और सांत्वना दी कि पूरा कश्यप समाज उनके साथ है।
पूर्व विधायक उमेश मलिक भी पहुंचे छात्र उज्जवल के घर
बुढ़ाना। स्थानीय विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक और वरिष्ठ भाजपा नेता उमेश मलिक भी रविवार को मृतक छात्र उज्जवल राणा के बुढ़ाना स्थित आवास पर पहुंचे। जहां पर उन्होंने छात्र के परिजनो के सांत्वना दी और कहा कि कोई भी आरोपी किसी भी सूरत में नहीं बचेगा। सभी आरोपी जेल जाएंगे। उनकी इस मामले में पुलिस के अधिकारियों से बात हुई है। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व को भी इस घटना से अवगत करा दिया गया है।
दारोगा समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया
मुजफ्फरनगर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक संजय कुमार वर्मा ने आत्मदाह के लिए अपने शरीर पर तेल छिड़ककर आग लगाने से पूर्व छात्र उज्जवल राणा की वायरल हुई वीडियो का संज्ञान लिया है। छात्र ने कालेज प्राचार्य और प्रबंधन के अलावा दारोगा समेत तीनञ पुलिसकर्मियों पर लापरवाही कर प्रताड़ित करने के आरोप लगाए थे। एसएसपी ने तीन पुलिसकर्मी लाइन हाजिर, इनमें सब इंस्पेक्टर नंदकिशोर व सिपाही विनीत और ज्ञानवीर लाइन हाजिर किए गए हैं।