पिकनिक का सफर बना हादसा ..रविवार की शाम भोपाल के चार कॉलेज छात्र पिकनिक मनाने कोलार डैम पहुंचे थे, लेकिन यह खुशी का पल हादसे में बदल गया। नहाते समय दो छात्र डैम के गहरे पानी में डूब गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया।
डूबे छात्र: एक बिहार, एक छतरपुर से
डूबने वाले छात्रों की पहचान 22 वर्षीय प्रिंस राजपूत (निवासी बिहार) और 20 वर्षीय उज्ज्वल त्रिपाठी (निवासी छतरपुर) के रूप में हुई है। दोनों भोपाल के अलग-अलग निजी कॉलेजों में पढ़ाई कर रहे थे। प्रिंस एमपी नगर क्षेत्र में रहकर IES कॉलेज से बी.फार्मा कर रहे थे, जबकि उज्ज्वल अशोका गार्डन क्षेत्र में रहकर बालाजी कॉलेज में अध्ययनरत थे।
रेस्क्यू में जुटी SDRF, अब तक नहीं मिला सुराग
पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीम ने मौके पर पहुंचकर तलाशी अभियान शुरू किया, लेकिन देर रात तक दोनों युवकों का कोई सुराग नहीं लग सका। घटनास्थल पर भारी भीड़ जमा हो गई, परिजन भी मौके पर पहुंचे हुए हैं और उनका रो-रोकर बुरा हाल है।
डैम एरिया में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर कोलार डैम क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर दिए हैं। यहां आए दिन पिकनिक मनाने वाले लोग बिना किसी सुरक्षा इंतजाम के पानी में उतर जाते हैं, जिससे ऐसे हादसों की आशंका बनी रहती है।