Delhi MCD School News: दिल्ली नगर निगम (MCD) के स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों के लिए बड़ी खबर है। एमसीडी इस हफ्ते से अपने स्कूलों के छात्रों को ड्रेस और स्कूल बैग खरीदने के लिए सीधे बैंक खातों में पैसे भेजने जा रहा है। अधिकारियों ने सोमवार को बताया कि पहले चरण में लगभग 5.1 लाख बच्चों के बैंक खातों में करीब 70 करोड़ रुपये भेजे जाएंगे।
कितने पैसे मिलेंगे
आपको बता दें कि हर छात्र को यूनिफार्म के लिए 1,250 रुपये और स्कूल बैग के लिए 120 रुपये दिए जाएंगे। यूनिफॉर्म और स्कूल बैग के लिए कुल 1370 रुपये दिए जाएंगे। शुरुआत में लगभग 5.1 लाख बच्चों के खातों में करीब 70 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए जा रहे हैं, जिनकी बैंक डिटेल्स पहले से उपलब्ध है। 2026-27 शैक्षणिक सत्र के लिए 31 अगस्त की समयसीमा तक कुल 6,56,950 बच्चों को इस सहायता का पात्र माना गया है।
जिनके नहीं हैं खाते, उन्हें भी मिलेंगे पैसे
जिन बच्चों या उनके माता-पिता के पास बैंक खाते नहीं हैं, उनके नए खाते खुलवाने की प्रक्रिया जारी है। इसके अलावा जिनके खाते निष्क्रिय है, उन्हें भी अपडेट किया जा रहा है ताकि कोई भी बच्चा इस राशि से वंचित न रहे।
31 अगस्त रहती है डेडलाइन
अधिकारियों ने बतया कि एमसीडी के स्कूलों में पूरे एकेडमिक सेशन के दौरान एडमिशन और नाम कटवाने की प्रक्रिया जारी रहती है, जिसके वजह से हर साल 31 अगस्त की कट ऑफ तारीख तय की जाती है।
यह भी पढ़ें: UPSSSC Recruitment 2026: युवा कल्याण अधिकारी और फिटनेस ट्रेनर के पदों पर निकली भर्ती, जानें योग्यता
स्टेशनरी बांटने का तरीका बदला
वहीं एमसीडी ने इस बार स्टेशनरी वितरण व्यवस्था में भी बड़ा बदलाव किया है। नोटबुक और अन्य स्टेशनरी के लिए छात्रों को 300 रुपये ट्रांसफर करने की बजाय स्कूलों के जरिए ये आइटम खरीदेगी और बच्चों को बांटेगी। खातों में राशि आने में होने वाली देरी को देखते हुए यह फैसला लिया गया है ताकि बच्चों को समय पर पठन-पाठन सामग्री उपलब्ध हो सके।