Free JEE-NEET Coaching: सिक्किम सरकार ने राज्य के आर्थिक रूप से कमजोर छात्र और जरूरतमंद छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है। शिक्षक दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने सीएम साथी पहल योजना की शुरुआत की है। इस योजना का मक़सद उन छात्रों को कोचिंग देना है, जो जेईं और नीट की तैयारी करना चाहते हैं, लेकिन पैसों की तंगी की वजह से नहीं कर पाते हैं। इसके अलावा राज्य सरकार ने लॉन्च पैड योजना की शुरुआत भी की है।
आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर जेईई-नीट की फ़्री कोचिंग
बता दें कि सीएम साथी योजना की शुरुआत सिक्कम सरकार ने आईआईटी कानपुर के साथ मिलकर की है। इसे तहत छात्रों को 2 महीने का विशेष क्रैश कोर्स मुफ़्त में कराया जाएगा। राज्य कैबिनेट ने इस योजना को मंज़ूरी दे दी है। इस योजना का लाभ आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के ऐसे छात्रों को मिलेगा, जो महंगी फ़ीस न दे पाने के कारण इंजीनियरिंग और मेडिकल की तैयारी नहीं कर पाते हैं।
सरकारी नौकरियों की तैयारियों के लिए मिलेंगे पैसे
सीएम साथी योजना के अलावा सिक्किम सरकार ने आर्थिक रूप से कमजोर युवाओं के लिए लॉन्च पैड योजना का भी ऐलान किया है। इस योजना के तहत गरीब युवाओं, दिव्यागों और अनाथ छात्रों को केंद्र सरकार और पीएसयू की प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए सरकार एक बार में अधिकतम 10,000 रुपये की आर्थिक सहायता देगी। इस राशि का उपयोग छात्र किताबें, परीक्षा केंद्रों तक जाने के लिए यात्रा खर्च और अन्य ज़रूरी चीजों के लिए कर सकेंगे।
शिक्षा पर खर्च सबसे बड़ा निवेश
मुख्यमंत्री तमांग ने कहा कि सिक्किम सरकार शिक्षा को खर्च नहीं, बल्कि सबसे अहम निवेश मानती है। वित्तीय वर्ष 2025-26 के कुल राज्य बजट का लगभग 15% हिस्सा अकेले शिक्षा पर खर्च किया जा रहा है। उन्होंने यह भी कहा कि सिक्किम को शिक्षा हब बनाने की दिशा में लगातार काम किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि सिक्किम को 27 मई 2026 को फुली लिटरेट स्टेट घोषित किया गया था। अब सरकार का फोकस शिक्षा तक पहुंच बढ़ाने से आगे बढ़कर उसकी गुणवत्ता और उत्कृष्टता पर है।
यह भी पढ़ें: 7 लाख छात्र और 7 हजार सीटें: डीयू में हॉस्टल का अकाल! पीजी और फ्लैट्स पर निर्भर 50 फ़ीसदी छात्र
2035 तक शिक्षा हब बनाने का टारगेट
सीएम ने कहा कि सरकार का लक्ष्य है कि 2035 तक सिक्किम को एक ऐसा एजुकेशन हब बनाया जाए, जिससे स्थानीय छात्रों को पढ़ाई के लिए बाहर न जाना पड़े, बल्कि देशभर के छात्र पढ़ने के लिए सिक्किम आएं। सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए शिक्षकों के नियमितीकरण और भर्ती के साथ कई दूसरी योजनाओं पर भी काम कर रही है। जल्द ही राज्य के स्कूलों में सिक्किम लाइफ़ स्किल्स करिकुलम लागू किया जाएगा। जिसमें बच्चों को सीपीआर, फर्स्ट एड, फ़ायर सेफ़्टी और आपदा प्रबंधन जैसी व्यावहारिक चीजें सिखाई जाएंगी।