UP Free JEE-NEET Coaching: आर्थिक तंगी के कारण जिन प्रतिभाशाली बच्चों का डॉक्टर या इंजीनियर बनने का सपना अधूरा रह जाता था। अब उत्तर प्रदेश सरकार ने उनके लिए एक शानदार पहल की है। योगी सरकार के समाज कल्याण विभाग ने दक्षणा फाउडेंशन के साथ मिलाकर एक खास योजना शुरू की है, जिससे गरीब बच्चों के सपने अब हकीकत बन सकेंगे।
क्या-क्या मिलेगी सुविधा
इस योजना के तहत कक्षा 12वीं में साइंस पढ़ने वाले विद्यार्थियों को JEE और NEET जैसी राष्ट्रीय स्तर की प्रवेश परीक्षाओं की पूरा 1 साल तक बिल्कुल मुफ्त कोचिंग दी जाएगी। चुने गए छात्र-छात्राओं को पुणे के पास स्थित दक्षणा वैली कैंपस में फ्री कोचिंग के साथ-साथ रहने के लिए मुफ्त आवास और पौष्टिक भोजन की सुविधा की मिलेगी।
चयन प्रक्रिया और पात्रता
शैक्षणिक सत्र 2026-27 में 12वीं कक्षा में साइंस पढ़ने वाले और मई 2027 तक बोर्ड परीक्षा में शामिल होने वाले सर्वोदय विद्यालयों के विद्यार्ती इसके लिए पात्र होंगे। विद्यार्थियों का चयन संयुक्त दक्षणा चयन परीक्षा 2027 के माध्यम से किया जाएगा।
JEE कोचिंग के लिए
JEE इंजीनियरिंग कोचिंग के लिए सामान्य छात्रों के लिए 10वीं में गणित और विज्ञान में कम से कम 85 प्रतिशत अंक अनिवार्य है। छात्राओं को प्रोत्साहित करने के लिए 5 प्रतिशत की छूट दी गई है, जिससे उनके लिए यह सीमा 80 प्रतिशत है। ओबीसी,एससी, एसटी और दिव्यांग वर्ग के विद्यार्थियों के लिए नियमानुसार अलग से छूट के नामक तय किए गए हैं।
NEET कोचिंग के लिए
NEET मेडिकल कोचिंग के लिए जनरल कैटेगरी के बच्चों के लिए 10वीं में साइंस और मैथ्स में न्यूनतम 80 प्रतिशत अंक होने चाहिए। जबकि ओबीसी और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के लिए 75 प्रतिशत और एससी-एसटी वर्ग के बच्चों के लिए 65 प्रतिशत अंक जरूरी है।
पारिवारिक आय की सीमा
छात्रों के लिए परिवार की कुल वार्षिक आय 3 लाख रुपये से कम होनी चाहिए। जबकि छात्राओं के लिए परिवार की कुल वार्षिक आय 5 लाख रुपये से कम होनी चाहिए।
यह भी पढ़ें: CA इंटरमीडिएट परीक्षा का रिजल्ट जारी, नील राजेश शाह और चंदर साक्षी ने किया टॉप
कैसे करें आवेदन
इच्छुक स्टूडेंट्स समाज कल्याण विभाग के अंतर्गत आने वाले सर्वोदय विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों से संपर्क कर सकते हैं। इसके अलावा छात्र दक्षणा फाउंडेशन की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर भी इसके लिए आवेदन कर सकते हैं।