
Chaudhary Charan Singh University: मेरठ के चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय में सोमवार को 37वें दीक्षांत समारोह का आयोजन किया गया, लेकिन दीक्षांत समारोह का माहौल छात्रों के विरोध प्रदर्शन से गरमा गया। छात्रों ने कुलपति पर भ्रष्टाचार और अनियमितताओं के आरोप लगाए हैं। सैकड़ों छात्रों ने मेरठ कॉलेज से पैदल मार्च निकाला और वह अंबेडकर चौक पहुंचे। यहां उन्होंने कुलपति के विरुद्ध जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस के साथ छात्रों ने नोकझोंक की। हालांकि पुलिस ने छात्रों से बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया।
छात्रों ने किया जमकर प्रदर्शन
छात्रों का आरोप है कि प्रशासन उनकी आवाज दबा रहा है। उन्होंने कहा कि विश्वविद्यालय में बड़े पैमाने पर वित्तीय अनियमितताएं हो रही हैं। छात्रों ने कुलपति को छात्र विरोधी और भ्रष्टाचार में लिप्त बताया है। सैकड़ों छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। लेकिन पुलिस अधिकारियों ने बातचीत कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया। वहीं, छात्रों ने चेतावनी दै कि अगर उनके मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाएगी, तो आंदोलन और तेज कर दिया जाएगा।
12 सूत्रीय ज्ञापन सौंपा
बता दें कि छात्रों ने अधिकारियों को 12 सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपा है। इसमें विश्वविद्यालय में व्याप्त भ्रष्टाचार, वित्तीय घोटालों की जांच, परीक्षा परिणामों में पारदर्शिता और छात्र संघ चुनाव बहाली की मांग शामिल है। साथ ही छात्रों ने विश्वविद्यालय की ऑडिट रिपोर्ट सार्वजनिक करने और मूलभूत सुविधाओं की बहाली की मांग भी की। वहीं, पुलिस ने छात्रों को उनकी मांगों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।