जनपद के थाना भोपा क्षेत्र के गांव जौली की दलित बस्ती में दो पक्षों के बीच हुए विवाद और पथराव के दौरान पुलिस टीम पर भी हमला कर दिया गया। जिसमें एक दारोगा व सिपाही पत्थर लगने से घायल हो गए मामले में पुलिस ने 13 नामजद तथा 7 अज्ञात व्यक्तियों के विरुद्ध विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
आसपास के मकानों में भी पत्थर गिर रहे थे
भोपा थाना क्षेत्र के गांव जौली में सोमवार को अनुसूचित जाति के दो पक्षों में हुए विवाद में ईंट पत्थर चलने से गांव में दहशत फैल गयी। सूचना पर पहुंची पुलिस टीम पर भी आरोपियों ने हमला कर दिया जिसमें जौली चौकी प्रभारी सहित कांस्टेबल घायल हो गए इसके बाद गांव में भारी पुलिस बल पहुंच गया और अतिरिक्त पुलिस बल को तैनात किया गया। घटना को लेकर गांव में सनसनी व्याप्त है। मामले में चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सुमित चौधरी ने बताया कि दो पक्षों के लोग मकानों की छतों पर चढ़कर एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर बरसा रहे थे, जिससे आम रास्ते और आसपास के मकानों में भी पत्थर गिर रहे थे। पुलिस ने लाउड हेलर के माध्यम से लोगों को पथराव बंद करने की चेतावनी दी, आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देकर पुलिस पर भी ईंट-पत्थर फेंकने शुरू कर दिए। पथराव में उपनिरीक्षक सुमित चौधरी के दाहिने घुटने, कांस्टेबल धर्मेन्द्र के कंधे तथा कांस्टेबल धर्मवीर की बायीं कोहनी में चोटें आईं। घटना की सूचना तत्काल थाना प्रभारी को देकर अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
पुलिस ने प्रथम पक्ष के राजबीर, श्रीपाल, मोनू, छोटा, प्रमोद, शिवकुमार, अंकुश समेत तीन अज्ञात तथा दूसरे पक्ष के धर्मवीर, ओमप्रकाश, धर्मेन्द्र, मोहित, बलवेन्द्र, रोहित समेत चार अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालने, पुलिस टीम पर हमला करने, मारपीट, धमकी देने और बलवा करने के मामले में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर धाराओं में जांच शुरू कर दी है।
भोपा क्षेत्र में पुलिस पर हमले की दूसरी घटना
मुजफ्फरनगर जनपद के भोपा थाना क्षेत्र में पुलिस पर ग्रामीणों द्वारा हमला करने की यह दूसरी घटना है हाल ही में थाना क्षेत्र गांव छछरौली में भी पुलिस टीम पर हमला किया गया था जिसमें पुलिसकर्मी घायल हो गए थे पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया हुआ है। पुलिस टीम पर लगातार हो रहे हमले को लेकर क्षेत्र में चिंता व्याप्त हो गई है।