भोपाल।मंगलवार रात करीब 9:30 बजे सुभाष नगर इलाके में एक तेज़ रफ्तार थार कार ने ताबड़तोड़ टक्करें मारीं। पहले एक ई-रिक्शा को उड़ा दिया, फिर दो बाइक, एक ऑटो और एक इनोवा को टक्कर मार दी। हादसे में ई-रिक्शा चला रहे करीब 55 वर्षीय बुजुर्ग की मौके पर मौत हो गई। मृतक की अब तक पहचान नहीं हो सकी है।
घटनास्थल पर मची अफरा-तफरी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि थार चेतक ब्रिज की तरफ से आ रही थी और प्रभात पेट्रोल पंप की ओर जा रही थी। रफ्तार करीब 100 किमी/घंटा थी। नियंत्रण बिगड़ने के बाद थार ने ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मारी। बुजुर्ग चालक के सिर में गंभीर चोट लगी और उन्होंने मौके पर दम तोड़ दिया।
नाबालिग थे कार में?
स्थानीय लोगों के अनुसार, हादसे के बाद थार में सवार दो युवक भाग गए। उन्हें देखने से नाबालिग प्रतीत हो रहे थे। हालांकि, पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
थार पलटी, इनोवा-ऑटो को भारी नुकसान
थार की टक्कर से इनोवा और ऑटो पलट गए। अंत में खुद थार भी पलट गई। घटनास्थल पर घंटों अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
थाना प्रभारी का बयान
एशबाग थाना प्रभारी विजय बहादुर सिंह ने बताया कि एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो घायल हैं। मृतक की उम्र लगभग 55 वर्ष है। शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है।