‘कांटा लगा गर्ल’ के नाम से मशहूर अभिनेत्री शेफाली जरीवाला (42) की असामयिक और दुखद मौत से टीवी-फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है. कल रात (27 जून) मुम्बई के घर पर अचानक सीने में तेज दर्द के बाद उन्हें कार्डियक अरेस्ट हुआ. उन्हें तुरंत Bellevue अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया. इसके बाद शव पोस्टमार्टम के लिए कूपर हॉस्पिटल भेजा गया. उनके पति अभिनेता पराग त्यागी, बेहद गहरे सदमे में अस्पताल से बाहर निकलते देखे गए. उनके जाने की खबर ने न सिर्फ उनके प्रशंसकों बल्कि बॉलीवुड के कई साथियों को भी स्तब्ध कर दिया है.
कैसे हुई मौत ?
शेफाली जरीवाला की मुंबई में कार्डियक अरेस्ट से मौत हो गई. उनकी उम्र 42 साल थी. अचानक सीने में दर्द की शिकायत के बाद उनके पति पराग त्यागी और अन्य लोग उन्हें बेलव्यू अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने उन्हें डेड ऑन अराइवल घोषित कर दिया.
शव का होगा पोस्टमार्टम
शव को कूपर अस्पताल भेजा गया है, जहां पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया जारी है. साथ ही मुंबई पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच कर रही है. पुलिस उनके घर जाकर भी जांच करेगी.
टीवी और फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर
उनकी मौत के बाद पराग त्यागी और उनकी मां बेहद भावुक दिखे. टीवी‑बॉलीवुड जगत में शोक की लहर है. मीका सिंह, अली गोनी, दिव्यांका त्रिपाठी सहित कई कलाकार भावुक संदेश दे रहे हैं.
करियर पर एक नजर
अहमदाबाद में जन्मीं शेफाली ने 'कांटा लगा' म्यूजिक वीडियो से ख्याति पाई. वो बिग बॉस 13 में भी शामिल हुईं और म्यूजिक, वेब‑सीरीज, रियलिटी शो जैसे कई प्लेटफॉर्म्स पर सक्रिय रहीं. ऐसा कहा जाता है कि शेफाली पहले भी मिर्गी और डिप्रेशन जैसी स्वास्थ्य चुनौतियों का सामना भी कर चुकी हैं.
फिलहाल यह दुखद घटना भारतीय मनोरंजन जगत के लिए एक बड़ा सदमा है. जहां एक युवा प्रतिभाशाली अभिनेत्री ने अपने करियर का चरम देखा, लेकिन अचानक दुनिया को अलविदा कह गई. अब पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से मौत का अंतिम कारण स्पष्ट होगा.