Summer Special Trains: गर्मियों की छुट्टियों में यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ी तैयारी की है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने समर स्पेशल ट्रेनों के संचालन की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यात्रियों को अधिकतम सुविधा मिले। इस पहल का मकसद भीड़ कम करना और टिकट कन्फर्म होने की संभावना बढ़ाना है।
18 हजार से ज्यादा स्पेशल ट्रेनें चलेंगी
रेल मंत्रालय के अनुसार भारतीय रेल 15 अप्रैल से 15 जुलाई 2026 के बीच 18,262 समर स्पेशल ट्रेन ट्रिप चलाने की योजना बना रहा है। इनमें से 11,878 ट्रिप पहले ही घोषित किए जा चुके हैं, जबकि बाकी की घोषणा चरणबद्ध तरीके से होगी। इस कदम से यात्रियों को ज्यादा विकल्प मिलेंगे और यात्रा आसान होगी।
प्रमुख स्टेशनों पर खास तैयारी
भीड़ को संभालने के लिए नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस, लोकमान्य तिलक टर्मिनस, पुणे, सूरत, अहमदाबाद और बेंगलुरु जैसे प्रमुख केंद्रों पर विशेष व्यवस्था की जा रही है। यहां अतिरिक्त स्टाफ, बेहतर भीड़ प्रबंधन और यात्रियों की सहायता के लिए नई व्यवस्था लागू की गई है।
यह भी देखेंःAAP में बड़ी टूट, हरभजन सिंह समेत दो-तिहाई सांसदों के साथ राघव चड्ढा ने छोड़ी पार्टी, BJP में विलय का दावा!
भीड़ नियंत्रण के लिए नई व्यवस्था
पश्चिम रेलवे ने उधना रेलवे स्टेशन पर रियल-टाइम भीड़ प्रबंधन प्रणाली शुरू की है। रेलवे सुरक्षा बल के जवान यात्रियों को व्यवस्थित तरीके से ट्रेन में चढ़ने में मदद कर रहे हैं। इससे सुरक्षा के साथ-साथ यात्रा का अनुभव भी बेहतर हो रहा है।
अतिरिक्त कोच से बढ़ेगी सुविधा
नॉर्थ वेस्टर्न रेलवे ने 104 ट्रेनों में 132 अतिरिक्त कोच जोड़े हैं, जिससे ज्यादा बर्थ उपलब्ध होंगी। लालगढ़–दिल्ली सराय रेल सेवा, जयपुर–जोधपुर रेल सेवा और इंदौर-भगत की कोठी रेल सेवा जैसी ट्रेनों में अतिरिक्त AC, स्लीपर और जनरल कोच लगाए गए हैं। इससे यात्रियों के लिए कंफर्म टिकट मिलने की संभावना काफी बढ़ जाएगी।